दिल्ली-एनसीआर

लड़कियों में समयपूर्व यौवन की पहचान होगी आसान, नया ब्लड टेस्ट मददगार

nidhi
29 Nov 2026 6:30 AM IST
लड़कियों में समयपूर्व यौवन की पहचान होगी आसान, नया ब्लड टेस्ट मददगार
x
कम उम्र में यौवन के लक्षणों का चलेगा पता
नई दिल्ली: लड़कियों में कम उम्र में होने वाले शारीरिक और हार्मोनल बदलावों की पहचान को लेकर भारतीय वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण शोध किया है। शोधकर्ताओं ने रक्त में मौजूद दो हार्मोन के अनुपात पर आधारित एक नए सूचकांक की पहचान की है, जिसकी मदद से लड़कियों में समयपूर्व यौवन और कम उम्र में स्तन विकास की दो अलग-अलग स्थितियों के बीच अंतर करना आसान हो सकता है। यह शोध भविष्य में बालिकाओं के स्वास्थ्य की देखभाल और समय पर उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुंबई स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान (ICMR-NIRWoH) और बाई जेरबाई वाडिया हॉस्पिटल फॉर चिल्ड्रेन के वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से यह अध्ययन किया है। शोध के निष्कर्ष अंतरराष्ट्रीय विज्ञान पत्रिका 'क्लिनिका चिमिका एक्टा' में प्रकाशित हुए हैं।
वैज्ञानिकों ने अपने अध्ययन में किसपेप्टिन-10 (Kisspeptin-10) और बेसल ल्यूटिनाइजिंग हार्मोन (LH) के अनुपात का परीक्षण किया। शोधकर्ताओं ने पाया कि दोनों हार्मोन के अनुपात का संयुक्त आकलन अलग-अलग हार्मोन की जांच की तुलना में अधिक प्रभावी हो सकता है। इसकी मदद से चिकित्सकों को यह समझने में सहायता मिल सकती है कि किसी बच्ची में दिखाई देने वाले शुरुआती शारीरिक बदलाव सामान्य विकास का हिस्सा हैं या किसी चिकित्सकीय स्थिति का संकेत हैं।
अध्ययन में नए सूचकांक की संवेदनशीलता करीब 73 प्रतिशत, विशिष्टता 87 प्रतिशत और समग्र निदान सटीकता लगभग 78 प्रतिशत पाई गई। इन परिणामों को शोधकर्ताओं ने उत्साहजनक माना है। हालांकि, इसे नियमित चिकित्सकीय जांच में शामिल करने से पहले बड़े स्तर पर परीक्षण करने की आवश्यकता है। सामान्य तौर पर लड़कियों में आठ से 13 वर्ष की उम्र के बीच यौवन की शुरुआत होती है। यदि किसी बच्ची में आठ वर्ष की उम्र से पहले यौवन के लक्षण दिखाई देने लगते हैं, तो इसे समयपूर्व यौवन या प्रीकोशियस प्यूबर्टी कहा जाता है। इस दौरान स्तनों का विकास, लंबाई में तेजी से वृद्धि और शरीर में अन्य हार्मोनल बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कुछ मामलों में कम उम्र में मासिक धर्म भी शुरू हो सकता है। कम उम्र में स्तनों का विकास होना हर बार समयपूर्व यौवन का संकेत नहीं होता है। कुछ बच्चियों में केवल स्तन विकास होता है, जबकि यौवन के अन्य लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। इस स्थिति को मेडिकल भाषा में प्रीमेच्योर थेलार्की (Premature Thelarche) कहा जाता है। यह अक्सर हानिरहित स्थिति होती है और इसमें नियमित चिकित्सकीय निगरानी पर्याप्त हो सकती है।
इसके विपरीत सेंट्रल प्रीकोशियस प्यूबर्टी (CPP) में मस्तिष्क और प्रजनन संबंधी हार्मोन को नियंत्रित करने वाला तंत्र निर्धारित उम्र से पहले सक्रिय हो जाता है। इसके कारण शारीरिक विकास की गति बढ़ सकती है। हड्डियों का विकास भी उम्र की तुलना में तेजी से होने लगता है, जिससे कुछ बच्चों की वयस्क अवस्था में लंबाई प्रभावित हो सकती है। दोनों स्थितियों के शुरुआती लक्षण एक जैसे होने के कारण चिकित्सकों के सामने सही पहचान करना चुनौतीपूर्ण होता है। यही कारण है कि हार्मोन संबंधी जांच और बच्ची के शारीरिक विकास का विस्तृत मूल्यांकन महत्वपूर्ण माना जाता है।
वर्तमान में चिकित्सक समयपूर्व यौवन की पहचान के लिए विभिन्न प्रकार की जांच का सहारा लेते हैं। इनमें हार्मोन स्तर की जांच, हड्डियों की उम्र का आकलन, अल्ट्रासाउंड और आवश्यकता के अनुसार जीएनआरएच स्टिमुलेशन टेस्ट शामिल हैं। इस विशेष हार्मोन परीक्षण में अलग-अलग समय पर रक्त के नमूने लेने की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में एक सरल रक्त आधारित सूचकांक भविष्य में जांच प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने में सहायक हो सकता है। अध्ययन की प्रमुख लेखिका डॉ. सुचित्रा सुर्वे के अनुसार, दोनों चिकित्सकीय स्थितियों में अंतर करना महत्वपूर्ण है, क्योंकि इनके प्रबंधन और उपचार की आवश्यकता अलग-अलग होती है। नए शोध से अधिक सरल और सुलभ निदान पद्धति विकसित करने की संभावनाएं सामने आई हैं।
बाई जेरबाई वाडिया हॉस्पिटल फॉर चिल्ड्रेन की बाल हार्मोन रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. सुधा राव के अनुसार, इस तरह की जांच से भविष्य में उन बच्चियों की पहचान करने में सहायता मिल सकती है, जिन्हें विस्तृत चिकित्सकीय जांच और उपचार की आवश्यकता है। वहीं, सामान्य अवस्था वाली बच्चियों को अनावश्यक जांच से बचाने में भी मदद मिल सकती है। समयपूर्व यौवन का प्रभाव केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं रहता है। कम उम्र में होने वाले बदलावों को समझना बच्चियों के लिए मुश्किल हो सकता है। अपनी उम्र के अन्य बच्चों से अलग शारीरिक विकास होने के कारण उनमें असहजता और मानसिक तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। ऐसे समय में माता-पिता का सहयोग और संवेदनशील व्यवहार बेहद महत्वपूर्ण होता है।
यदि किसी बच्ची में आठ वर्ष से पहले यौवन के लक्षण दिखाई देने लगें, तो अभिभावकों को बाल रोग विशेषज्ञ या बाल हार्मोन रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। बिना चिकित्सकीय सलाह के किसी भी प्रकार की हार्मोन संबंधी दवा या घरेलू उपचार का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उपचार की आवश्यकता बच्ची की उम्र, विकास की गति और जांच के परिणामों के आधार पर निर्धारित की जाती है। भारतीय वैज्ञानिकों का यह शोध भविष्य में उन स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है, जहां विशेष हार्मोन जांच की सुविधाएं सीमित हैं। हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि नया रक्त आधारित सूचकांक अभी अनुसंधान के स्तर पर है। फिलहाल इसे जीएनआरएच स्टिमुलेशन टेस्ट का विकल्प नहीं माना जा सकता है। बड़े और स्वतंत्र अध्ययनों में इसकी प्रभावशीलता की पुष्टि होने के बाद ही इसे नियमित चिकित्सा सेवाओं में शामिल करने पर विचार किया जा सकेगा।
Next Story