दिल्ली-एनसीआर

एनसीआर नॉएडा में पूर्वांचल और बिहार के सैकड़ों लोग छठ पूजा की तैयारी में जुटे

Admin Delhi 1
26 Oct 2022 9:39 AM GMT
एनसीआर नॉएडा में पूर्वांचल और बिहार के सैकड़ों लोग छठ पूजा की तैयारी में जुटे
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: दीपावली के बाद नोएडा एनसीआर में रहने वाले पूर्वांचल और बिहार के सैकड़ों लोग छठ पूजा की तैयारी में जुट गए हैं। इस बार 28 अक्टूबर से नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पूजा प्रारंभ होगी। शहर में बन रहे अनेकों घाट अंतिम चरण में हैं। हर साल की तरह इस साल भी सेक्टर-75 में छठ पूजा की तैयारी जोरों-शोरों से चल रही है। सेंटर पार्क में घाट का निर्माण अंतिम चरण में है। यह छठघाट 50 फीट लम्बा,15 फीट चौड़ा और 4 फीट गहरा होगा। समिति के पदाधिकारियों ने छठघाट के निर्माण के लिए एएमजी डेवलपर्स के निदेशक मनोज राय और महाप्रबंधक बसन्त उपाध्याय को धन्यवाद दिया है।

सफाई का कार्य शुरू: अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सूर्यदेव पूजा समिति के अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सूर्योपासना के महान पर्व छठ की तैयारियां नोएडा शहर में जोरों से चल रही हैं। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने हेतु सेक्टर-75 के गोल्फसिटी, प्लाट-8 और पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी के बीच स्थित सेंट्रल पार्क में एक बड़ा छठ घाट बनाया जा रहा है। जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। घाट में जल, प्रकाश आदि की उत्तम व्यवस्था की जा रही है। साथ-ही छठघाट के निकट सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। छठघाट के निकट छठव्रतियों के कपड़ा बदलने के लिए कृत्रिम कमरे का भी निर्माण किया गया है।

28 से 31 तक पूजा: मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सूर्योपासना का महान छठ पर्व 28 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल चतुर्थी के दिन नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। 29 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल पंचमी के दिन खरना की पूजा होगी। 30 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल षष्ठी के सायंकाल अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। 31 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल सप्तमी के सुबह उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन: अध्यक्ष ने बताया कि 30 अक्टूबर को सायंकाल सूर्यदेव पूजा समिति द्वारा सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्ध भोजपुरी गायिका क्षमा पांडेय, प्रीति प्रकाश, देवेश कुंदन, प्रीति मंडल सहित कई गायकों और गायिकाओं द्वारा भोजपुरी, हिंदी, मगही, मैथिली, अंगिका, पंजाबी आदि भाषाओं में गीत-संगीत का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।

Next Story