दिल्ली-एनसीआर

सुपरटेक ट्विन टावर को गिराने के मौके पर भारी भीड़ पहुंचने की उम्मीद, कल देखने को मिलेगा बड़ा नज़ारा

Admin Delhi 1
27 Aug 2022 3:07 PM GMT
सुपरटेक ट्विन टावर को गिराने के मौके पर भारी भीड़ पहुंचने की उम्मीद, कल देखने को मिलेगा बड़ा नज़ारा
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: सुपरटेक ट्विन टावर रविवार की दोपहर बाद 2:30 बजे ब्लास्ट के जरिए गिरा दिए जाएंगे। यह नजारा नोएडा में पूरे शहर से नजर आएगा। लिहाजा, लोगों को मौके पर पहुंचने की जरूरत नहीं है। हालांकि, गौतमबुद्ध नगर पुलिस का अनुमान है कि भारी भीड़ यह घटना देखने के लिए पहुंचेगी। दरअसल, लोग उत्सुक हैं और मौके पर पहुंचने की कोशिश करेंगे। देश में पहली बार कोई इतनी ऊंची इमारत ब्लास्ट के जरिए कराई जा रही है। पुलिस अफसरों का मानना है कि न केवल नोएडा बल्कि एनसीआर से बड़ी संख्या में युवा मौके पर इकट्ठे हो सकते हैं। भीड़ को संभालने के लिए 400 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

कुछ लोगों के लिए टैंट और कुर्सी लगेंगी: सुपरटेक ट्विन टावर की ओर जाने वाले मार्गों को सील कर दिया गया है। 500 मीटर के दायरे को नोमैंस जोन बनाया गया है। इंसान तो दूर जानवरों को भी इस 500 मीटर के दायरे से हटा दिया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने नोएडा शहर को नो फ्लाई जोन घोषित किया है। मतलब, रविवार को कोई भी वायुयान नोएडा के आसमान से होकर नहीं गुजरेगा। नोएडा एक्सप्रेसवे भी बंद रखा जाएगा। ट्विन टावर के पास से होकर गुजरने वाले 6 मार्गों को बंद कर दिया गया है। प्राधिकरण ने करीब आधा किलोमीटर दूर कुछ लोगों के लिए टैंट लगवाया है। कुर्सियां लगवाई जा रही हैं।

मीडिया का भारी जमावड़ा लगेगा: देशभर के खबरिया चैनल और न्यूज़ वेबसाइट इस घटनाक्रम को लाइव प्रसारित करेंगे। ब्लास्ट कर रही एजेंसी और नोएडा अथॉरिटी ने ट्विन टावर से आधा किलोमीटर दूर फ्लाईओवर के पास मीडिया, निगरानी अधिकारियों और दूसरे लोगों के लिए इंतजाम किए हैं। इससे आगे किसी को नहीं जाने दिया जाएगा। नोएडा एक्सप्रेसवे को 2:15 बजे बंद कर दिया जाएगा और 2:45 पर दोबारा शुरू होगा। इन 30 मिनट के दौरान एक्सप्रेसवे पर यातायात की पाबंदी रहेगी। आपको बता दें कि नोएडा एक्सप्रेसवे के इतिहास में ऐसा दूसरी बार हो रहा है, जब इसे रोका जाएगा। इससे पहले साल 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए एक्सप्रेसवे को रोका गया था। तब साइकिलिंग टाइम इवेंट का आयोजन इस पर हुआ था।

Next Story