- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- झमाझम बारिश, जानें...

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार को शुरू हुई बारिश रविवार भी जारी है. यहां लंबे इंतजार के बाद बरसी इन फुहारों से मौसम सुहाना बना हुआ है. वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 'राष्ट्रीय राजधानी में अगले कुछ दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है.' वहीं मंगलवार और बुधवार को विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. इस तरह मौसम को लेकर जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आने वाले 5 दिनों तक बारिश होने की उम्मीद है.
उमस से मिली राहत, ट्रैफिक जाम ने किया परेशान
दिल्ली में पिछले कई दिनों से लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन शनिवार को हुई बारिश से कुछ राहत मिली है. दिल्ली के कई इलाकों में लोगों को बारिश का आनंद लेते हुए देखा गया. वहीं शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई जगहों पर जलभराव हो गया और लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा. लोगों ने सोशल मीडिया पर बारिश और जलभराव की कई तस्वीरें भी पोस्ट की.
दिल्ली के खानपुर, हौजरानी, मालवीय नगर, उत्तम नगर, धौला कुआं, एम्स फ्लाईओवर के पास, महरौली-बदरपुर रोड, विकास मार्ग, आईटीओ, सिकंदरा रोड, कीर्ति नगर, आनंद पर्वत-जखीरा रोड और मजनू का टीला के पास रिंग रोड समेत कई इलाकों में जलभराव होने के कारण यातायात प्रभावित हुआ.
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को जंगपुरा एक्सटेंशन, डिफेंस कॉलोनी, नेब सराय, साकेत, ग्रेटर कैलाश-2, पहाड़गंज, मालवीय नगर और कीर्ति नगर जैसे इलाकों में बारिश के बीच पेड़ों के गिरने से संबंधित आठ शिकायत मिली.
शनिवार को हुई झमाझम बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में शनिवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच मध्यम बारिश हुई. सफदरजंग वेधशाला के मुताबिक 19.6 मिलीमीटर बारिश हुई. वहीं दिल्ली के रिज क्षेत्र में 25.3 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय में 24.5 मिलीमीटर बारिश हुई.
इसी तरह, शनिवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच पीतमपुरा, एसपीएस मयूर विहार, लोधी रोड और आयानगर की वेधशालाओं में क्रमश: 21.5 मिलीमीटर, 20.5 मिलीमीटर, 18.4 मिलीमीटर, 15.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
बारिश के बावजूद पारे में गिरावट नहीं
दिल्ली में शनिवार को हुई बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है. आईएमडी के बुलेटिन के मुताबिक रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 81 यानी 'संतोषजनक' रहा. गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा' माना जाता है, 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है.





