दिल्ली-एनसीआर

Delhi-NCR समेत इन राज्यों में लू का अलर्ट

Tara Tandi
8 April 2025 10:48 AM IST
Delhi-NCR समेत इन राज्यों में लू का अलर्ट
x
दिल्ली Weather : अप्रैल माह की शुरुआत में ही पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। लेकिन दिल्ली-एनसीआर में स्थिति और भी खराब है। लोगों को तेज धूप अब परेशान करने लगी है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आज देश के तमाम हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी भी बढ़ेगी। आइए विस्तार से जानते है देशभर के मौसम का हाल…
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ने वाला है तापमान
वही अगर दिल्ली के बीते दिन की बात करें तो 7 अप्रैल की सुबह भी काफी गर्म महसूस हुई। गर्म हवाओं के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया। अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था।
जाने उत्तराखंड के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तराखंड में भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। जानकारी के मुताबिक आज प्रदेश में कहीं कहीं बादल छाए रहेंगे इसके साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना है। मौसम के बदवाल से बढ़ते तापमान पर भी असर देखने को मिलेगा।
राजस्थान में पारा 45 डिग्री पार!
देश के विभिन्न भागों में अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। सोमवार को देश में सबसे अधिक तापमान राजस्थान के बाड़मेर में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर 45.4 डिग्री के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा गुजरात के कांडला में पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन 4 जिलों में भीषण गर्मी के बीच राहत
बिहार में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। पटना समेत अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव की संभावना है। राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मंगलवार यानी आज बिहार के 4 जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल में एक-दो स्थानों पर आंधी और बारिश के साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हिमाचल में आज ‘लू’ चलने की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में बहुत गर्मी पड़ रही है। अप्रैल के पहले सप्ताह में 14 शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। ऊना में तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कुछ शहरों में तापमान सामान्य से 6 से 7 डिग्री तक बढ़ गया है। इस बीच, मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन में लू की चेतावनी जारी की है। आज इन जिलों में कुछ स्थानों पर गर्म हवाएं महसूस की जा सकती हैं। इससे लोगों को खासकर दिन में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। राज्य का औसत अधिकतम तापमान वर्तमान में सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। कल्पा का अधिकतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक बढ़ने के बाद यहां पारा 22.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
Next Story