दिल्ली-एनसीआर

हाजी बिलाल की हत्या मकान नाम न करने के कारण हुई थी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
6 Jun 2022 7:25 PM IST
हाजी बिलाल की हत्या मकान नाम न करने के कारण हुई थी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़ अपडेट: लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र के बेहटा हाजीपुर में शनिवार की रात को हुई कबाड़ी हाजी मोहम्मद बिलाल की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बिलाल की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी दूसरी पत्नी नाजमा ने ही की थी। पुलिस ने नाजमा को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल हथौड़ा, चाकू, नशे की गोलियों के रेपर और उसके खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी पत्नी अपने शौहर पर मकान नाम करने का दबाव बना रही थी। ऐसा न करने पर उसने अपने दूसरे पति को मौत के घाट उतारा था। सीओ लोनी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर हाजी मोहम्मद बिलाल की दूसरी पत्नी नाजमा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में नाजमा ने बताया कि पहले पति की मौत के बाद उसने करीब 9 साल पूर्व हाजी मोहम्मद बिलाल से दूसरा निकाह किया था। वह अक्सर मेरठ के इंचौली थानाक्षेत्र स्थित अपने मायके में रहा करती थी। लेकिन जब भी वह लोनी आती थी तो बिलाल के साथ उसके दूसरे घर में ही पति-पत्नी के रूप में रहा करती थी। नाजमा ने बताया कि पति के दूसरे घर को वह अपने नाम कराना चाहती थी। जिसके लिए वह बार.बार बिलाल पर दबाव बनाती थी, लेकिन पति बिलाल उसकी बात को टाल देते थे। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ।

पहली पत्नी के बेटे के नाम मकान करने पर बनाई हत्या की योजना: सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया कि हाजी बिलाल ने अपना दूसरा मकान पहली पत्नी के बेटे शोएब के नाम कर दिया था। जिसकी जानकारी होने के बाद नाजमा का बिलाल से झगड़ा भी हुआ था। इसी से क्षुब्ध होकर नाजमा ने पति हाजी बिलाल की योजना बना ली। योजना के मुताबिक नाजमा रविवार दोपहर को इंचौली से लोनी आई और पति बिलाल के साथ उसके दूसरे घर में ही रुकी। वहां रात के वक्त उसने शरबत में नशे की गोलियां मिलाकर बिलाल को पिला दीं। बेहोश होने पर नाजमा ने बुजुर्ग पति बिलाल की लुंग्गी खोलकर उनके दोनों पैर बांध दिए और फिर हथौड़े से उनके सिर पर कई वार किए। बाद में नाजमा ने चाकू से पति बिलाल का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।


देर रात को ही बुर्का पहनकर घर से मेरठ चली गई हत्यारोपी पत्नी: एसएचओ लोनी बॉर्डर सचिन कुमार ने बताया कि पति बिलाल की हत्या करने के बाद नाजमा देर रात करीब 2 बजे घर से निकल गई। पति की हत्या के दौरान नाजमा के कपड़े भी खून से सन गए थे, जिन्हें ढकने के लिए वह बुर्का पहनकर घर से निकली थी। एसएचओ का कहना है कि घर से निकलने के दौरान नाजमा वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सुबह होने पर बिलाल के बेटे शोएब ने उनका फोन लगाया तो वह बंद मिला। जिसके बाद शोएब अपने दूसरे मकान पर पहुंचा। वहां पिता बिलाल को नग्न हालत में चारपाई पर मरा देख उसने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस का कहना है कि शोएब ने भी नाजमा पर हत्या करने का आरोप लगाया था।

आलाकत्ल को नाले में फेंका और मोबाइल को मायके में छोड़ा: एसएचओ सचिन कुमार ने बताया कि नाजमा ने बड़े ही शातिराना अंदाज में अपने दूसरे शौहर का कत्ल किया। वह जब इंचौली मेरठ से लोनी आई तो अपने मोबाइल फोन को बंद कर मायके में छोडक़र आई थी। हत्या के बाद मायके पहुंचने पर उसने अपना मोबाइल खोला था। इसके अलावा उसने आलाकत्ल हथौड़े, चाकू और नशे की गोलियों के रेपर को एक बैग में रखकर नगरपालिका के डस्टबिन के पास नाले में फेंक दिया था। जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है।

Next Story