दिल्ली-एनसीआर

Gurugram: गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था पर बैठक, आर.सी. बिढान ने दिए दिशा-निर्देश

Admindelhi1
29 Oct 2025 4:36 PM IST
Gurugram: गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था पर बैठक, आर.सी. बिढान ने दिए दिशा-निर्देश
x
"गुरुग्राम में सफाई को लेकर आर.सी. बिढान का सख्त संदेश"

गुरुग्राम: गुरुग्राम के मंडलायुक्त आर.सी. बिढान ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्यों को केवल औपचारिकता न समझते हुए इसे एक जनसेवा और जनस्वास्थ्य से जुड़ा मिशन मानकर करें। मंडलायुक्त बुधवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में स्वच्छता को लेकर अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।

आयुक्त आर.सी. बिढान ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में सफाई की निरंतर निगरानी, संसाधनों का समुचित उपयोग और जिम्मेदारीपूर्वक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाए रखने के लिए टीम वर्क और समन्वय अत्यंत आवश्यक है। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए सभी स्तर पर जिम्मेदारी और सतर्कता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट से प्रतिदिन सुबह समय पर कचरा उठाया जाए और कोई भी प्वाइंट बिना गार्बेज ट्रॉली के न रहे। सभी ट्रॉलियां दिन में कम से कम दो बार खाली की जाएं तथा सेकेंडरी कचरा संग्रहण स्थलों से भी नियमित रूप से कचरा उठान हो।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक गार्बेज ट्रॉली के पास कर्मचारी तैनात रहें ताकि आसपास कचरा न फैले और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरुक किया जा सके। बिढान ने कहा कि सफाई व्यवस्था की स्थिति ऐसी सुनिश्चित की जाए कि कोई भी, कहीं भी और कभी भी निरीक्षण करे, तो उसे गंदगी ना मिले। अगर निरीक्षण के दौरान कहीं पर गंदगी मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मंडलायुक्त ने निगम अधिकारियों कहा कि वे सभी वार्ड इंचार्ज एचसीएस अधिकारियों को अतिरिक्त टीम उपलब्ध करवाएं, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों की सफाई करवा सकें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले तीन दिन में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बेहतर होनी चाहिए। इसके तहत सभी सडक़ें, गलियां, ग्रीन बैल्ट, जीवीपी व सेकेंडरी प्वाइंटों की सफाई सुनिश्चित हो, ताकि हमारा शहर स्वच्छ दिखाई दे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं पर भी कूड़ा, पॉलीथीन, सीएंडडी वेस्ट, इंडस्ट्रियल वेस्ट, मेडिकल वेस्ट आदि दिखाई नहीं देना चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि अवैध रूप से कचरा व मलबा डंपिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाएगी। बैठक में उपायुक्त अजय कुमार, नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, एएलसी कुशल कटारिया, जीएम रोडवेज भारत भूषण गोगिया, सीटीएम सपना यादव, हिपा की संयुक्त निदेशक ज्योति नागपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story