- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Gurugram: महीनों से...

गुरुग्राम: सावन के महीने में एक तरफ जहां देश-विदेश में करोड़ों सनातनी भगवान शिव की अराधना में जुटे हैं। दूर-दूर से कांवड़ लाकर भगवान शिव को गंगाजल अर्पित कर रहे हैं तो इस बीच गुरुग्राम से एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। साइबर सिटी के राजेंद्र पार्क में भगवान शिव की एक मूर्ति महीनों से सीवर के पानी से घिरी है। लोग भगवान शिव की पूजा नहीं कर पा रहे हैं।
दरअसल, राजेंद्र पार्क इलाके में सीवर लाइन बंद होने की वजह से पिछले करीब छह महीने से लोग परेशान हैं। यहां गलियों में घरों की चौखट तक बदबूदार पानी भरा हुआ है। लोग अपने घरों में कैद हो चुके हैं। पिछले दिनों 'लाइव हिन्दुस्तान' ने राजेंद्र पार्क की हालत से आपको रूबरू कराया था। इसके बाद नगर निगम ने मामले का संज्ञान लेते हुए टीम को मौके पर जाकर समस्या को दूर करने का आदेश दिया था। लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस है।
स्थानीय लोगों ने डीसी को ज्ञापन देकर भी अपनी मुश्किलों के बारे में बताया है। भरोसा तो उन्होंने भी दिया, लेकिन लोग अब भी इस बात के इंतजार में हैं कि जिम्मेदार अफसर आएं और उन्हें नारकीय स्थिति से मुक्ति दिलाएं। लोगों का कहना है कि राजेन्द्र पार्क के ब्लॉक C, F एवं G में स्थिति अत्यंत विकट हो चुकी है। गोल चक्कर–शिव मूर्ति के पास हालात इतने खराब हैं कि सड़क पर नाव चलाने जैसी स्थिति बन गई है। इस भीषण समस्या से लगभग 500 से 1000 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हैं, जो आजीविका, शिक्षा और स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत कठिन परिस्थितियों में हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए GMDA पोर्टल व CPGRAMS पर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। ट्विटर के माध्यम से नगर निगम को बार-बार सूचित किया गया है। स्थानीय पार्षद, मेयर, SDO, EXEn आदि को भी समस्या की जानकारी दी गई है, परंतु अब तक कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं किया गया। पानी भरने से पहले क्षेत्र की नियमित सफाई भी नहीं कराई गई, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं। बरसात के दिनों में सीवर के गंदे पानी के साथ-साथ डेंगू, मलेरिया व अन्य संक्रामक रोगों का खतरा भी तेजी से बढ़ गया है। विशेष रूप से बरसात में पेयजल में सीवर का गंदा पानी मिल जाता है, जिससे बच्चे और बुजुर्ग बार-बार बीमार पड़ रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।





