दिल्ली-एनसीआर

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी ने किया बड़े फर्जीवाड़ा का खुलासा, 10 लाख की रिश्वत लेने वाले अफसर भी भी सस्पेंड

Admin Delhi 1
8 Nov 2022 3:20 PM GMT
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी ने किया बड़े फर्जीवाड़ा का खुलासा, 10 लाख की रिश्वत लेने वाले अफसर भी भी सस्पेंड
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एक बहुत बड़े फर्जीवाड़ा करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल है, जो उत्तर प्रदेश के शामली में कार्यरत है। पुलिस ने इस मामले में कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को पुलिस ने 2 महीने पहले यानी की अगस्त में पकड़ा था, लेकिन 10 लाख रुपए लेने के बाद आरोपियों को छोड़ दिया गया था। अब दोबारा से मामला हाईलाइट होने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को अरेस्ट किया है।

क्या है पूरा मामला: यह गैंग केवल नोएडा ही नहीं बल्कि अन्य इलाकों में भी इंश्योरेंस रिनुअल करने वाले के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी कर चुका है। बीते दिनों इस गैंग ने ग्रेटर नोएडा में रहने वाले अशोक शर्मा के साथ ठगी की थी। जिसके बाद पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस घटना और खुलासे की पूरी जानकारी ग्रेटर नोएडा के डीसीपी अभिषेक वर्मा ने दी है। वहीं दूसरी ओर इस मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए साइबर सेल के इंचार्ज और ऐच्छर चौकी प्रभारी रंजीत को निलंबित कर दिया है। यह वही पुलिसकर्मी है, जिन्होंने पैसे लेकर 80 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपियों को छोड़ दिया था।

कुल 5 आरोपी अरेस्ट, पुलिस वाली बीवी भी शामिल: अभिषेक वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इन बदमाशों ने पिछले दिनों इंश्योरेंस पॉलिसी रिनुअल और निकलवाने के नाम पर अशोक शर्मा से 80 लाख रुपए की ठगी की थी। इस मामले में अशोक शर्मा ने मुकदमा पंजीकृत करवाया था। जिसके बाद पुलिस ने इस फर्जीवाड़ा करने वाले गैंग के मुख्य आरोपी दीपक कुमार, दीपक कुमार की पत्नी प्रियंका (जो उत्तर प्रदेश के शामली में कॉन्स्टेबल के रूप में तैनात हैं), जितेंद्र, विशाल त्यागी और हरेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 मोबाइल, 6 सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड, मिनिस्ट्री फाइनेंस और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की मुहर बरामद की है।

2019 से कर रहा था फर्जीवाड़ा: पुलिस की पूछताछ के दौरान दीपक ने बताया कि वह वर्ष 2019 से इस तरीके के फर्जीवाड़े को कर रहा है। वह हर बार छोटा-मोटा फ्रॉड करता था, लेकिन इस बार बड़ा हाथ मारने के चक्कर में अशोक शर्मा को शिकार बनाया। दीपक की पत्नी प्रियंका शामली में उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात है। दीपक ने फर्जी तरीके से कमाई हुई इनकम प्रियंका के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की थी। प्रियंका को निलंबन करने की कार्यवाही की जा रही है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय को चिट्ठी भेज दी गई है। प्रियंका के अकाउंट में फर्जीवाड़े की रकम जमा हुई। उसके बावजूद भी उसने इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी। इसी मामले में उसके खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है। फिलहाल नोएडा पुलिस ने दीपक और उसकी बीवी प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया है।

किराए पर लेते थे करंट अकाउंट: डीसीपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि यह आरोपी करंट अकाउंट को किराए पर लेते थे। एक करंट अकाउंट पर यह अकाउंट के मालिक को 70 से 80 हजार रुपए देते थे। उसके बाद आरोपी बैंक अकाउंट के मालिक से एटीएम कार्ड ले लेते थे। इसके अलावा मोबाइल नंबर भी बदलवा देते थे। इन लोगों ने अभी तक करोड़ों रुपए की ठगी की है। इनके बैंक अकाउंट की जानकारी निकाली जा रही है।

Next Story