- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Greater Noida: ग्रेनो...
Greater Noida: ग्रेनो प्राधिकरण ने विद्युत कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश

ग्रेटर नोएडा; ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अस्तौली और बादलपुर में 33/11 केवी के नए विद्युत उपकेंद्र (बिजलीघर) बनाने का फैसला लिया है। इन दोनों बिजलीघरों और उनसे जुड़ी लाइन बिछाने पर लगभग 32 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और माह के अंत तक टेंडर खुलने की उम्मीद है।
प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) प्रेरणा सिंह ने ओएसडी अभिषेक पाठक के साथ ग्रेटर नोएडा में चल रहे विद्युत कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने जानकारी दी कि अस्तौली और बादलपुर में बनने वाले इन नए उपकेंद्रों से केवल इन गांवों में ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार होगा। निर्माण कार्यों में करीब एक साल का समय लग सकता है।
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य शुरू कराने और पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जलपुरा और इकोटेक-3 क्षेत्रों में हाईमास्ट व स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्तावों पर भी सहमति दी।
जलपुरा गौशाला और इकोटेक-3 में रौशनी बढ़ेगी: बैठक में यह भी बताया गया कि जलपुरा स्थित गौशाला का विद्युतीकरण किया जाएगा और वहां हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ-साथ इकोटेक-3 के उद्योग केंद्र-1, रिजर्व पुलिस लाइन, टॉय सिटी, और महिला उद्यमी पार्क पार्ट-1 और पार्ट-2 में भी हाईमास्ट व स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन कार्यों पर लगभग 3.91 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी: इस समीक्षा बैठक में तकनीकी कंसल्टेंट आर.के. जायसवाल, वरिष्ठ प्रबंधक रामचरण, सौरभ भारद्वाज, अश्विनी चतुर्वेदी, मैनेजर निखिल गुप्ता, अजीत भाई पटेल, विपिन बिहारी राय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की यह पहल आने वाले समय में क्षेत्र की बिजली और प्रकाश व्यवस्था को काफी सुदृढ़ करने वाली साबित होगी।





