- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Greater Noida: फिल्म...
Greater Noida: फिल्म सिटी के पहले चरण के नक्शे को शर्तों के साथ मंजूरी मिली

ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण ने फिल्म सिटी के पहले चरण के नक्शे को शर्तों के साथ मंजूरी दे दी। 80 एकड़ में फिल्म स्टूडियो, विश्वविद्यालय और फिल्म से जुड़ी गतिविधियों का विकास होगा। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने कल (सोमवार) शाम यह नक्शा फिल्म निमार्ता बोनी कपूर को सौंपा।
सेक्टर-21 में 230 एकड़ में परियोजना प्रस्तावित है। इनमें से 80 एकड़ का नक्शा स्वीकृत हुआ है। इसमें से 26 एकड़ ग्रीन बेल्ट व 54 एकड़ में फिल्म संबंधी गतिविधियां होंगी। प्राधिकरण के अनुसार, 150 एकड़ का नक्शा तभी मंजूर होगा, जब 80 एकड़ में फिल्म से जुड़ीं गतिविधियां विकसित हो जाएंगी। पिछले माह बोनी कपूर ने 230 एकड़ का नक्शा प्रस्तुत किया था, लेकिन प्राधिकरण ने भू-उपयोग योजना से मेल न खाने की आपत्तियां लगाते हुए नक्शा लौटा दिया था। नक्शे में फिल्म इंस्टीट्यूट की जगह वेयरहाउस व होटल दर्शाए गए थे। ग्रीन बेल्ट स्पष्ट नहीं थी।
रनवे से चारधाम तक के सेट लगेंगे: 54 एकड़ में स्टूडियो, साउंड स्टेज, पोस्ट-प्रोडक्शन यूनिट सहित रनवे, हेलीपेड, संसद भवन जैसी गैलरी, समुद्र, चारधाम और सौर ऊर्जा आधारित लोकेशनों पर सेट तैयार होंगे। नियमों के अनुसार, पहले फिल्म से जुड़ीं 15 फीसदी गतिविधियों को पूरा करना होगा, तभी प्राधिकरण व्यावसायिक निर्माण की अनुमति देगा।
इन्फ्रास्ट्रक्चर में भी नहीं है कोई कमी: फिल्म सिटी को चारों तरफ से जोड़ने के लिए 130, 100 और 75 मीटर चौड़ी सड़कें तैयार होंगी। एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ाव के लिए चार इंटरचेंज बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 132/33 केवीए का विद्युत उपकेंद्र और 5 एमएलडी का रेनीवेल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट प्रस्तावित है।
27 जून तक करना होगा शिलान्यास: प्राधिकरण ने 27 फरवरी को कंपनी को 230 एकड़ जमीन का कब्जा सौंपा था। शिलान्यास के लिए नक्शे की स्वीकृति जरूरी थी। अब यह बाधा दूर हो चुकी है। कंपनी के साथ 27 जून 2024 को हुए कंसेशन एग्रीमेंट के अनुसार, एक वर्ष में निर्माण शुरू करना अनिवार्य है। 27 जून तक निर्माण शुरू नहीं होता है तो रोजाना 1.5 लाख रुपये का जुमार्ना लगाया जाएगा।
फिल्म सिटी का नक्शा शर्तों के आधार पर स्वीकृत किया गया है। पहले 80 एकड़ में निर्माण की अनुमति दी गई है। सबसे पहले कंपनी को ग्रीन बेल्ट और फिल्म से जुड़ी गतिविधियां विकसित करनी होंगी। 27 जून तक शिलान्यास करना अनिवार्य है। -डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण
पहले चरण का विकास तीन फेज में होगा
फेज-1ए 27 एकड़
फेज-1बी 16 एकड़
फेज-1सी 17 एकड़





