- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Ghaziabad: पत्नी ने...
Ghaziabad: पत्नी ने सरकारी नौकरी की चाहत में करवा दी पति की हत्या

गाजियाबाद: क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र की लठमार कॉलोनी निवासी संजय की हत्या उसकी पत्नी के प्रेमी ने की थी। संजय एमसीडी का कर्मचारी था और उसकी मौत के बाद पत्नी नौकरी पाना चाहती थी। नौकरी मिलने के बाद प्रेमी से शादी कर दूसरे शहर में बसने के इरादे से पति की हत्या कराई। 13 दिन बाद कविनगर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा दी है। हत्यारोपी रिंकू और मृतक की पत्नी प्रियंका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि चार मई की शाम को संजय कुमार(28) का शव गांव मवई की सड़क किनारे पड़ा मिला। संजय के सिर में चोट के निशान थे और रक्तरंजित कांच की बोतल शव के पास से बरामद की गई थी। जांच में पता चला कि संजय की पत्नी प्रियंका के जनपद बुलंदशहर के गांव सैदपुर थाना बीबीनगर निवासी रिंकू से अवैध संबंध हैं।
रिंकू क्रॉसिंग रिपब्लिक में एक कारोबारी की कार चलाता है, जहां प्रियंका भी हाऊस कीपिंग का काम करती है। प्रियंका से दोस्ती होने के चलते रिंकू भी लठमार कॉलोनी में ही किराये पर कमरा लेकर रहने लगा। प्रियंका ने रिंकू को अपने पति की हत्या करने के लिए उकसाया था। प्रियंका ने रिंकू को बताया कि मृतक आश्रित कोटे से उसके पति संजय को एमसीडी में नौकरी मिली है। जब संजय की मौत हो जाएगी तो नौकरी उसे मिल जाएगी। इसके बाद दोनों शादी कर लेंगे और दूसरे शहर में जाकर रहेंगे। रिंकू ने संजय कुमार को तीन मई की शाम को फोन कर मवई बुलाया। दोनों ने शराब पी और रिंकू ने मौका मिलते ही संजय के सिर में शराब की कांच की बोतल से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी। संजय की हत्या करके रिंकू किराये के कमरे पर जाकर सो गया। संजय और प्रियंका के दो बच्चों में बेटी अवनी(7) और मयंक उर्फ मुक्कू(4) हैं दोनों की देखभाल उनकी दादी कर रही है। थाना कविनगर पहुंचे संजय और प्रियंका के परिजन एक दूसरे को ढांढस बंधाते रहे। परिजनों ने पुलिस हिरासत में प्रियंका के साथ गाली-गलौज की और पति-पत्नी के रिश्ते को कलंकित करने वाला बताया। हालांकि पुलिस ने दोनों के परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया।
नए सिम ने खोली हत्यारोपियों की पोल
संजय की क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। शव मिलने पर कविनगर पुलिस ने अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। हत्या करने के बाद भी रिंकू का संजय के घर लगातार आता जाता रहा और परिजनों को ढांढस बंधाता रहा। पुलिस ने प्रियंका के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई तो एक ऐसा नंबर सामने आया जिस पर प्रियंका दिनभर में 30 से 40 बार कॉल करती थी। उस नंबर की डिटेल निकाली तो रिंकू का निकला। इसके बाद रिंकू से पूछताछ की गई तो उसने प्रियंका के कहने पर संजय की हत्या करना स्वीकार किया।
पति की मौत की पुष्टि करने का भेजा
संजय की हत्या करने के बाद रिंकू ने प्रियंका को फोन कर घटना की जानकारी दी। कॉल डिटेल और रिकॉर्डिंग से उजागर हुआ कि प्रियंका ने रिंकू को फोन कर पूछा कि क्या संजय वास्तव में मर चुका है या बेहोश है। रिंकू ने हत्या की पुष्टि नहीं की। इसके बाद प्रियंका ने रिंकू को घटनास्थल पर उसी रात को करीब एक बजे भेजा और मौत की पुष्टि करके सो गई।





