दिल्ली-एनसीआर

Ghaziabad: पुलिस मुठभेड़ में दो वांछित अपराधी घायल, हत्या के मामले में थे फरार

Admindelhi1
26 May 2025 9:29 PM IST
Ghaziabad: पुलिस मुठभेड़ में दो वांछित अपराधी घायल, हत्या के मामले में थे फरार
x
गाजियाबाद पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया

गाजियाबाद: थाना मसूरी क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित चल रहे दो बदमाशों को गाजियाबाद पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।

घटना कल (रविवार) उस समय हुई जब थाना मसूरी पुलिस और स्वाट टीम, देहात क्षेत्र में डीएमई अंडरपास के पास जंगल की ओर जा रहे मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक नहीं रोकी और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। भागते समय बाइक फिसल गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नन्हू और अब्दुल सलाम, निवासी ग्राम नाहल के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त मसूरी थाना क्षेत्र में एक हत्या के मामले में वांछित चल रहे थे। पूछताछ में दोनों ने 25 मई 2025 की रात नोएडा से दबिश के लिए आई पुलिस टीम पर फायरिंग और पथराव करने की बात भी स्वीकार की है। एसीपी लिपि नागायच ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story