- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Ghaziabad:...
Ghaziabad: सचिव-अध्यक्ष ने किया लाखों रुपये का गबन, जांच शुरू

गाजियाबाद: रेल नगर कल्याण सहकारी आवास समिति लिमिटेड के सचिव और तत्कालीन अध्यक्ष पर 74.35 लाख रुपये गबन करने का आरोप लगा है। अपर आवास आयुक्त और अपर निबंधक आवास एवं विकास परिषद लखनऊ के आदेश पर सहकारी अधिकारी ने सचिव प्रवीण कुमार शर्मा और तत्कालीन अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद नैय्यर के खिलाफ कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि वसुंधरा कांप्लेक्स स्थित आवास व विकास परिषद कार्यालय में तैनात सहकारी अधिकारी आरके वर्मा के मुताबिक रेल नगर कल्याण सहकारी आवास समिति लिमिटेड के सचिव प्रवीण कुमार शर्मा ने नवयुग मार्केट स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक से 74 लाख 35 हजार 224 रुपये निकाले हैं। इसका ब्योरा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को भी नहीं दिया गया। शिकायत मिलने पर मामले की जांच की गई।
जांच में उजागर हुआ कि सचिव ने 2016-17 के कोई अभिलेख जांच कमेटी को मुहैया नहीं कराए। साथ ही बैठकों और कार्यवाही पुस्तिका में भी ऐसी अनियमितताओं की कोई जानकारी साझा नहीं की। जांच में समिति के तत्कालीन अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद नैय्यर निवासी रामपुरी भूड़ भारत नगर कोतवाली की भी संलिप्तता उजागर हुई है। जांच में सामने आया कि सचिव ने ऐसी पांच फर्मों को 21 लाख 74 हजार 989 रुपये का औचित्यहीन भुगतान कर दिया, जबकि इन पांच फर्मों का भूमि अधिग्रहण पूर्व में हो चुका था और प्रतिकर भी अवार्ड कर लिया गया था।
इसके बावजूद इन्हें 21.74 लाख रुपये का भुगतान किया गया। एसीपी ने बताया कि बीएनएस के अंतर्गत सचिव प्रवीण कुमार शर्मा और तत्कालीन अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद नैय्यर के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318(4) दस्तावेजों की जालसाजी की धारा 338, जाली दस्तावेजों का प्रयोग करने की धारा 336(3) और नकली दस्तावेजों का असली बताकर प्रयोग करने की धारा 340(2) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





