दिल्ली-एनसीआर

Ghaziabad: गोल्ड लोन कंपनी में घोटाला, प्रबंधक सहित चार पर केस

Admindelhi1
25 May 2025 11:03 AM IST
Ghaziabad: गोल्ड लोन कंपनी में घोटाला, प्रबंधक सहित चार पर केस
x
आरोपियों ने गिरवी सोना बेच दिया और अब समझौते का दबाव बना रहे हैं

गाजियाबाद: विजयनगर स्थित धनवर्षा गोल्ड लोन कंपनी के शाखा प्रबंधक हरीश गौतम व कर्मचारी पुलकित, अविनाश और सुमित पाठक के खिलाफ पीड़ित ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित अक्षय का आरोप है कि 15 लाख रुपये की कीमत का सोना गिरवी रखकर 4.25 लाख रुपये का ऋण लिया था। आरोपियों ने गिरवी सोना बेच दिया और अब समझौते का दबाव बना रहे हैं।

एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि इंद्रापुरम क्षेत्र के रामप्रस्थ ग्रीन्स वैशाली सोसायटी निवासी अक्षय कुमार के मुताबिक उन्होंने धनवर्षा गोल्ड लोन कंपनी की ट्रू कैप फाइनेंस लि. से 4.25 लाख रुपये का ऋण लिया था। ऋण की एवज में कंपनी की शाखा में 236.73 ग्राम सोना गिरवी रखा था, जिसकी वर्तमान में कीमत करीब 15 लाख रुपये है। आरोप है कि उन्होंने 25 हजार रुपये भी जमा कर दिया है। जब वह पूर्ण धनराशि जमा करने के लिए आरडीसी शाखा पहुंचे तो गिरवी सोना नहीं मिला।

विरोध पर धनवर्षा गोल्ड लोन कंपनी शाखा प्रबंधक हरीश गौतम, कर्मचारी पुलकित, अविनाश अग्रवाल और सुमित पाठक ने पांच-छह लाख में समझौता करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित पर चार लाख रुपये अतिरिक्त ऋण लेने का आरोप लगाया और 8.25 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित अक्षय की तहरीर पर विजयनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस के अंतर्गत आपराधिक विश्वासघात की धारा 316(2) और धोखाधड़ी की धारा 318(4) में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Next Story