- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Ghaziabad नगर निगम...
Ghaziabad नगर निगम कार्यालय में पानी की किल्लत को लेकर लोगों का प्रदर्शन

गाजियाबाद: लगातार पेयजल की समस्या से परेशान कैलाभट्ठा के लोगों ने शनिवार को नगर निगम के कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि कई दिन से क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। लोगों ने कहा कि नगर आयुक्त समेत जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री तक को पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है।
वार्ड 95 की पार्षद रुकसाना सैफी ने बताया कि क्षेत्र में कई दिन से पेयजल की समस्या बनी हुई है। पानी के साथ कभी बालू आता है, तो कभी सीवर की बदबू। लगातार इसके लिए क्षेत्र की जनता शिकायत कर रही है। उसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी सुनवाई करने के लिए तैयार नहीं हैं। क्षेत्र के 11 नलकूप पूरी तरह से खराब हो चुके हैं। खराब नलकूपों को भी दुरुस्त नहीं कराया जा रहा है। गलियों में सीवर की समस्या से भी लोग परेशान हैं। सीवर लाइन टूटी होने के कारण पेयजल की पाइप से मिल गई, जिससे गंदा पानी आ रहा है। लोगों ने सुनवाई नहीं होने पर नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन करने करी चेतावनी दी।





