दिल्ली-एनसीआर

Ghaziabad: मॉक ड्रिल के जरिए कल परखी जाएंगी कोरोना से निपटने की तैयारियां

Admindelhi1
30 May 2025 5:45 PM IST
Ghaziabad: मॉक ड्रिल के जरिए कल परखी जाएंगी कोरोना से निपटने की तैयारियां
x
ऑक्सीजन प्लांट समेत तैयारियों की होगी जांच

गाजियाबाद: देशभर में कोविड-19 के मामलों में धीरे-धीरे हो रही बढ़ोत्तरी के बीच गाजियाबाद में स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। शनिवार को जिले में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें अस्पतालों की तैयारियों, ऑक्सीजन प्लांट की कार्यक्षमता और अन्य चिकित्सीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि 1 तारीख से अब तक गाजियाबाद में कुल 15 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि इनमें से किसी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। सभी मरीजों में सामान्य लक्षण जैसे खांसी, बुखार और जुकाम देखे गए हैं और वे घरेलू उपचार व सामान्य दवाइयों से ठीक हो रहे हैं।

CMO ने बताया कि अभी तक संक्रमित पाए गए मरीजों के घरों में अन्य किसी सदस्य में संक्रमण नहीं फैला है, जिससे संकेत मिलता है कि यह वेरिएंट गंभीर नहीं है। उन्होंने इसे एक प्रकार का मौसमी फ्लू करार देते हुए जनता से घबराने की बजाय सतर्कता बरतने की अपील की है।

डॉ. मोहन ने कहा कि “यह वेरिएंट डेल्टा या ओमिक्रॉन जितना खतरनाक नहीं है। अधिकतर मरीज 2-3 दिन में पेरासिटामोल या सामान्य एंटी एलर्जी दवाओं से ठीक हो जा रहे हैं। अभी तक किसी भी मरीज की ऑक्सीजन सैचुरेशन में गिरावट नहीं देखी गई है।”

स्वास्थ्य विभाग शनिवार को जिले भर के अस्पतालों में मॉक ड्रिल करेगा, जिसमें विशेष रूप से ऑक्सीजन प्लांट्स की जांच की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें।

Next Story