- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Ghaziabad: अवैध कॉलोनी...
Ghaziabad: अवैध कॉलोनी का भंडाफोड़, 34 बीघे भूमि पर की गई बसावट ढहाई गई

गाजियाबाद: जोन तीन में दुहाई रेलवे स्टेशन के पास 24 बीघे और मोरटा में औद्योगिक क्षेत्र में 10 बीघे में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कल (शुक्रवार) को जीडीए का बुलडोजर चला। विरोध के बाद भी टीम ने अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी। करीब चार घंटे की कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया गया।
अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गुलधर रेलवे स्टेशन के पास मैनापुर में खसरा संख्या-277, 276, 279, 282, 283 व 286 में अनिल कुमार, नवीन कुमार, ओंकारनाथ, लोकेश त्यागी, एस चौहान आदि के द्वारा लगभग 24 बीघे में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कॉलोनी की सड़क, भूखंड की चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, मोरटा इंडस्ट्रियल एरिया में लगभग 10 बीघे में विकसित की जा रही कॉलोनी के तहत बनाई जा रही सड़क, चहारदीवारी को गिरा दिया गया। मौके पर स्थानीय लोगों की ओर से विरोध किया गया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी।





