- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Ghaziabad: घर छोड़ने...
Ghaziabad: घर छोड़ने पर पति ने तेजाब फेंका, पत्नी अस्पताल में भर्ती

गाजियाबाद: घरेलू विवाद में घर छोड़कर गई पत्नी के ऊपर पति ने शुक्रवार की दोपहर शास्त्रीनगर चौक पर तेजाब फेंक दिया। इससे महिला का चेहरा, गर्दन और उसके नीचे का हिस्सा व दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। महिला की हालत चिंताजनक है और दिल्ली रेफर किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि कविनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला घरेलू विवाद के चलते करीब एक सप्ताह पहले घर छोड़कर चली गई थीं। शनिवार की दोपहर करीब एक बजे महिला शास्त्रीनगर चौराहे से कहीं जाने के लिए ऑटो की तलाश में थीं। इसी दौरान उनका पति मौके पर पहुंचा और घर चलने के लिए कहने लगा। दोनों में रास्ते में ही विवाद हो गया। आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी पति ने हाथ में लिए कपड़े के थैले से बोतल निकाली और उसमें भरा तेजाब पत्नी के मुंह पर फेंक दिया। महिला ने मुंह का बचाव करने के लिए दोनों हाथ आगे किए जो बुरी तरह झुलस गए। इसके साथ ही महिला का मुंह, गर्दन और उसके नीचे का हिस्सा भी बुरी तरह से झुलस गया।
आरोपी वारदात को अंजाम देकर भागने लगा तो महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को पकड़कर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। तेजाब पीड़िता को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस आयुक्त की निगरानी में पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। शाम के समय तेजाब पीड़िता की हालत बिगड़ गई और गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल से दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के अनुसार आरोपी हिरासत में ले लिया गया है, हालांकि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दोनों ने किया था प्रेम विवाह, अपने दोस्त के घर छोड़ दी बेटी
आरोपी शहर के एक नामचीन सराफ के शोरूम पर आभूषणों की सफाई का काम करता है। घटना के लिए वह आभूषण साफ करने में काम आने वाले तेजाब की बोतल लेकर आया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दोनों पं. बंगाल के रहने वाले हैं। कोलकाता के मुस्ताबाद में दोनों ने 18 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद वह गाजियाबाद आ गए।
पत्नी आरडीसी में प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में काम करती हैं। दो बच्चों में बेटा 18 और बेटी नौ वर्ष की है। दोनों पढ़ाई कर रहे हैं। आरोपी ने बताया कि चार-पांच माह से पत्नी एक युवक से मोबाइल पर बातचीत कर रही थी। विरोध किया तो वह घर छोड़कर चली गई। आरोपी का कहना है कि उनकी नौ वर्षीय बेटी को लेकर पत्नी चली गई। बेटी को दूसरे के घर छोड़ने पर आरोपी का एतराज था और वह बेटी वापस करने की मांग कर रहा था।
ईमेल एकाउंट से पत्नी की जानकारी जुटाता था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शक होने पर उसने पत्नी के ईमेल एकाउंट को चेक किया। इससे उसे कुछ नए मोबाइल फोन नंबर पता चले। आरोपी के अनुसार उसने पत्नी के दोस्त की जानकारी जुटाई जो चंडीगढ़ में काम करता है और गाजियाबाद में आता-जाता है। वह पत्नी की लोकेशन पर भी आरोपी नजर रखता था। उसके अनुसार तीन दिनों तक पत्नी की लोकेशन आरडीसी में मिली तो पीछा किया और तेजाब डालने की वारदात को अंजाम दिया।
बचाओ-बचाओ चिल्लाकर 50 मीटर दौड़ी महिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शास्त्रीनगर चौराहे पर तेजाब डलने के बाद महिला आरोपी पति से बचाव करने के लिए करीब 50 मीटर तक बचाओ-बचाओ चिल्लाकर सड़क पर दौड़ी। लोग कुछ देर तक तो तमाशबीन बने रहे, लेकिन जब उन्होंने महिला के शरीर से तेजाब का धुआं उठता देखा तो विपरीत दिशा में भाग रहे आरोपी को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी।
चार-पांच माह में बढ़ा विवाद
18 वर्षों से दंपती मेहनत मजदूरी करके किराये के मकान में रहकर दोनों बच्चों को शिक्षा दिला रहे थे। पिछले चार-पांच माह से दोनों में अनबन हुई और विवाद बढ़ता चला गया। दोनों की दूरियां इतनी बढ़ीं कि आरोपी ने अपने ही जीवनसाथी पर तेजाब फेंककर हत्या का प्रयास किया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी ने तेजाब फेंककर धमकी दी कि अब तू किसी की भी नहीं हो सकेगी, जिनके लिए मुझे छोड़ा है, वह भी नहीं पहचान पाएंगे।





