दिल्ली-एनसीआर

Ghaziabad: ऑनलाइन टेलीग्राम टास्क में ठगी, 2.53 लाख का चूना लगा

Admindelhi1
18 May 2025 1:36 PM IST
Ghaziabad: ऑनलाइन टेलीग्राम टास्क में ठगी, 2.53 लाख का चूना लगा
x
पीड़िता ने वेव सिटी थाने में साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया

गाजियाबाद: साइबर ठगों ने शाहपुर बम्हैटा निवासी दीक्षा रोहित मिश्रा को घर बैठे कमाई का झांसा देकर 2.53 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने जब डी-मैट खाते से रुपये निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने अतिरिक्त धनराशि की मांग की। पीड़िता ने वेव सिटी थाने में साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि दीक्षा रोहित मिश्रा ने बताया कि 28 अप्रैल को उनके फेसबुक पर एक मैसेज आया, जिसमें घर बैठे टास्क पूरा कर पैसे कमाने की पार्ट टाइम नौकरी देने की बात कही। लिंक पर क्लिक करते ही एक व्हाट्सएप नंबर से बात हुई, जिन्होंने टेलीग्राम एप से लिंक करने की बात कही। साथ ही होटल की रेटिंग पांच स्टार देने पर दस रुपये प्रति टास्क या 50 रुपये प्रति टास्क देने की बात कही गई। शुरूआत में ठगों ने उन्हें टास्क पूरा होने पर रकम ट्रांसफर भी की। फिर रकम इन्वेस्ट करने का टास्क देने लगे और उन्हें मुनाफे का लालच देकर 2.53 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।

दीक्षा रोहित मिश्रा ने अपने डी-मैट अकाउंट से निवेश और लाभांश की धनराशि निकालने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहीं। रुपये न निकलने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़िता ने वेव सिटी थाने में बीएनएस के अंतर्गत धोखाधड़ी की धारा 318(4) और कंप्यूटर संसाधनों से धनराशि ट्रांसफर करने की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Next Story