दिल्ली-एनसीआर

Gautam Buddha नगर में दर्दनाक घटनाओं से हड़कंप

Ratna Netam
6 July 2026 3:21 PM IST
Gautam Buddha नगर में दर्दनाक घटनाओं से हड़कंप
x

Noida नोएडा : गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दर्दनाक हादसों और घटनाओं में कुल सात लोगों की मौत हो गई है। इनमें निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की मौत, स्विमिंग पूल में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने, आत्महत्या और अन्य हादसों के मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के सेक्टर-129 स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहे बिहार के जमुई निवासी 31 वर्षीय अशोक मांझी सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच की जा रही है।इसी थाना क्षेत्र के सेक्टर-135 स्थित एक फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में मणिपुर निवासी 26 वर्षीय लकी सनवऊ डामया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि तैराकी के दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद वह पानी में डूब गए। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।

थाना फेस-2 क्षेत्र में बुलंदशहर निवासी 33 वर्षीय डॉली ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें गंभीर हालत में सेक्टर-110 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी क्षेत्र में इलाहाबाद गांव के पास छत से गिरने से फर्रुखाबाद निवासी 35 वर्षीय अतुल सिंह राठौड़ की मौत हो गई।

थाना बिसरख क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में आत्महत्या की घटनाएं सामने आई हैं। हैबतपुर गांव की 16 वर्षीय लक्ष्मी तिवारी और रोजा जलालपुर निवासी 35 वर्षीय आजाद मिश्रा ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के अंतर्गत खोड़ा कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय अंशी पोरवाल की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वह परिवार के साथ घूमने गई थी, जहां गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। बाद में फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले की आगे की जांच गाजियाबाद पुलिस करेगी।

वहीं थाना जेवर क्षेत्र के चिरौली गांव में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे झांसी निवासी मजदूर जोगेंद्र दास को काम के दौरान करंट लग गया, जिससे वह ऊंचाई से गिर पड़े। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी मामलों में अलग-अलग टीमों को जांच सौंपी गई है। घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।लगातार सामने आई इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस प्रशासन ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

Next Story