- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- गैंगस्टर काला राणा...

थाईलैंड से भारत में अपने गैंग को आपरेट कर रहे विरेंद्र प्रताप उर्फ काला राणा का इनपुट जुटाकर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) हरियाणा ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क साधा लेकिन मंगलवार को राणा को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया। राणा को कस्टडी में लेने के लिए एसटीएफ और दिल्ली पुलिस में खींचतान भी हुई। एसटीएफ ने सुनील जैन हत्याकांड में अदालत से गिरफ्तारी वारंट तक जारी करवा रखा था और दावेदारी पेश की कि राणा को भारत लाने में एसटीएफ की ही अहम भूमिका रही। दिल्ली पुलिस ने कारोबारी से एक करोड़ की रंगदारी के मामले और अन्य मुकदमों का भी जिक्र किया। बाद में इमिग्रेशन ने राणा को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। अब दिल्ली पुलिस काला राणा से अपने मुकदमों में पूछताछ करेगी और बाद में हरियाणा पुलिस राणा को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर अपने मामलों की गुत्थी सुलझाएगी। हरियाणा में राणा पर 28 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें अंबाला में मोहित राणा व विशाल हत्याकांड भी शामिल है। इसके अलावा राज्य में रंगदारी, फर्जी पासपोर्ट बनवाने, हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। हरियाणा के अलावा राजस्थान, चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस भी राणा को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जाएगी, क्योंकि वहां पर भी कई केस दर्ज हैं।
बता दें कि जनवरी 2020 में रहे रहे थाईलैंड में रह रहे राज बसौदी का इनपुट मिला था, जिसके बाद फरवरी 2020 में उसे भारत लाया गया था। इसी बीच पता चला कि राणा फतेहाबाद के फर्जी पते पर हरमन सिंह के नाम से पासपोर्ट बनवाकर विदेश पहुंच गया था। एसटीएफ ने फर्जी पासपोर्ट की डिटेल, मोबाइल नंबर और विदेश में गतिविधियों का इनपुट जुटाया और केंद्रीय एजेंसियों से संपर्क साधकर रेड कार्नर नोटिस जारी कराया। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने भी रेड कार्नर नोटिस जारी करवा लिया, क्योंकि राणा उनके मुकदमों का भी वांटेड है। राणा को हिरासत में लेने के लिए दिल्ली और हरियाणा की एसटीएफ ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी। राणा भारत आ चुका है, लेकिन उसको किसके ह्रवाले किया जाएगा, इसका फैसला मंगलवार को हुआ। सूत्रों का कहना है कि राणा को लेकर दिल्ली पुलिस और एसटीएफ हरियाणा के बीच में खींचतान भी हुई, लेकिन बाद में राणा को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दिल्ली के माडल टाउन में एक कारोबारी से एक करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। इस मुकदमे में पुलिस ने काला राणा को वांटेड घोषित कर दिया था। अब भारत लाए गए राणा से एक करोड़ की रंगदारी और अन्य मुकदमो के बारे में दिल्ली पुलिस पूछताछ करेगी





