दिल्ली-एनसीआर

अरुंधति राय से लेकर उमर खालिद के समर्थकों तक: CJP के मंच पर क्यों जुट रहे हैं विवादित चेहरे?

Saba Naaz
24 July 2026 6:44 PM IST
अरुंधति राय से लेकर उमर खालिद के समर्थकों तक: CJP के मंच पर क्यों जुट रहे हैं विवादित चेहरे?
x

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध के नाम पर शुरू हुआ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) का प्रदर्शन अब गंभीर विवादों के घेरे में आ गया है। इंटरनेट मीडिया से उपजी इस संस्था के मंच का उपयोग न केवल विपक्षी दलों के नेता राजनीतिक रोटियाँ सेकने के लिए कर रहे हैं, बल्कि देशविरोधी और अत्यंत विवादित चेहरे भी यहाँ लगातार पहुँच रहे हैं। मंच से लगातार राष्ट्र की अखंडता पर सवाल उठाने, हिंसा भड़काने और हिंदू देवी-देवताओं के अपमान के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे आम छात्रों और उनके अभिभावकों ने इस आंदोलन से दूरी बनानी शुरू कर दी है।

प्रदर्शन स्थल पर दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद हैं। इतना ही नहीं, प्रतिबंधित संगठन 'सिमी' (SIMM) का संस्थापक और उमर खालिद का पिता सैयद कासिम रसूल इलियास भी इस मंच पर पहुँच चुका है। इसके अलावा विवादित लेखिका अरुंधति राय भी मंच साझा कर चुकी हैं, जिनके खिलाफ कश्मीर पर दिए गए देशविरोधी बयानों को लेकर यूएपीए (UAPA) के तहत मुकदमा दर्ज करने की अनुमति मिल चुकी है।

सीजेपी के इस मंच से स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा द्वारा हिंदू देवी-देवताओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों का भी कड़ा विरोध हो रहा है। इसके साथ ही संस्था के संस्थापकों के अतीत पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। संस्था के प्रमुख अभिजीत दीपके का अनुच्छेद 370 के विरोध वाला पुराना रुख और उनके साथी अर्पित शर्मा पर नेपाल के उग्र आंदोलनों को भारत से जोड़ने का आरोप भी कटघरे में है।

सबसे चौंकाने वाला और चिंताजनक मोड़ तब आया जब प्रतिबंधित आतंकी संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने सीजेपी पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक करने और उन्हें आर्थिक मदद देने का दावा किया। इसके बाद से ही इस प्रदर्शन के पीछे विदेशी साजिश और देशविरोधी ताकतों का हाथ होने का शक गहरा गया है। मंच से पुलिस पर हमलों और हिंसा भड़काने की साजिशों के बाद आम परीक्षार्थियों का कहना है कि छात्रों के हक की आड़ में राष्ट्रविरोधी एजेंडा चलाया जा रहा है।

Next Story