दिल्ली-एनसीआर

साइट पर पहले करता था दोस्ती, फिर ऐसे ऐंठता था रुपये

Admin4
8 July 2022 11:45 PM IST
साइट पर पहले करता था दोस्ती, फिर ऐसे ऐंठता था रुपये
x

वसंतकुंज में रहने वाले युवती ने 12 लाख रुपये की ठगी होने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ठग खुद को आईटीबीपी में असिस्टेंट कमांडेंट बताता था और उसने जीवनसाथी एप पर पांच फर्जी प्रोफाइल बना रखी थीं।

दिल्ली पुलिस ने मेट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। बीसीए डिग्री होल्डर युवक मेट्रिमोनियल साइट पर युवतियों से दोस्ती कर उनसे ठगी कर रहा था। वह पहले युवतियों से दोस्ती करता था, फिर उन्हें शादी करने का झांसा देता था। इसके बाद वह मेडिकल एमरजेंसी व मां-भाई की मौत होने की बात कहकर उसने मोटी रकम हड़पता लेता था। आरोपी खुद को आईटीबीपी में असिस्टेंट कमांडेंट बताता था। आरोपी के पास से एक मोबाइल, सिमकार्ड व एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। आरोपी ने जीवनसाथी डॉट कॉम पर अलग-अलग नाम व तस्वीरों से पांच फर्जी प्रोफाइल बना रखी थीं।

दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी मनोज सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुणे, महाराष्ट्र निवासी आशीष कुकरेती (25) के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि वसंतकुंज (साउथ) निवासी एक युवती ने एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने अपनी शिकायत में कहा था कि आरुष डोबिरियाल ने 25 अप्रैल को जीवनसाथी मेट्रिमोनियल एप पर उससे संपर्क किया। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। वह दोस्त बनकर व्हाटसएप पर चैटिंग करने लगे। आरोपी ने खुद को आईटीबीपी में असिस्टेंट कमांडेंट बताया। आरोपी ने एक दिन परिवार में मेडिकल इमरजेंसी के बहाने कर युवती से कई हजार रुपये उधार ले लिए। इसके बाद उसने भाई व मां की मौत होने की बात कहकर अस्पताल से शवों को घर ले जाने के लिए पैसे मांगे। इस तरह पीड़ित ने उसके पीएनबी बैंक के एक एकाउंट में बारह लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। उसे लगा की आरोपी पैसे लौटा देगा।

मामला दर्जकर एसआई देवेंद्र कुमार व हवलदार विकास की टीम ने जांच शुरू की। एसआई देवेंद्र कुमार को शुरूआती जांच में पता लगा कि आरोपी ने जीवनसाथी मेट्रिमोनियल साइट पर पांच फर्जी प्रोफाइल बना रखी हैं। सबमें नाम व तस्वीर अलग थीं, लेकिन सभी में मोबाइल नंबर एक ही है। आखिरकार एसआई देवेंद्र कुमार की टीम ने जांच के बाद आरोपी आशीष कुकरेती को पुणे, महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। शुरूआती जांच में पता लगा कि आरोपी छह से ज्यादा युवतियों के साथ ठगी कर चुका है। मोहन गार्डन थाने में भी आरोपी के खिलाफ ठगी का एक मामला दर्ज है।

Next Story