- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- बेटी के कैंसर के इलाज...
बेटी के कैंसर के इलाज के लिए पिता बना चोर, Delhi में गिरफ्तार

Outer Delhi.बाहरी दिल्ली। कैंसर से पीड़ित अपनी बेटी के इलाज का खर्च उठाने के लिए पिता उत्तर प्रदेश से दिल्ली आकर चोरी करने लगा। सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक लैपटॉप, एक कैमरा, दो मोबाइल फोन, पांच एटीएम कार्ड, दो चार्जर और 4500 रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान मनोज चौहान के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बेटी कैंसर से पीड़ित है। उसके पास बेटी के इलाज के लिए पैसे नहीं थे। ऐसे में वह यूपी से दिल्ली आया और चोरी करने लगा। उत्तर पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 21 मई को इलाके में चोरी की शिकायत मिली थी।
पीड़ित मनीष कांगड़ा ने पुलिस को बताया कि वह पीतमपुरा स्थित एक कंपनी में मैनेजर है। वह शाम करीब 7 बजे ऑफिस बंद करके घर आ गया। अगली सुबह करीब 9 बजे वह ऑफिस पहुंचा। उसने देखा कि उसके ऑफिस का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था। ऑफिस से कीमती सामान गायब था। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को शकूरपुर से मनोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लाखों रुपये का कीमती सामान बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने एक और चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। वहीं, पुलिस उसके अन्य साथियों का भी पता लगा रही है।





