दिल्ली-एनसीआर

किसान नेता सुखबीर खलीफा को किया गया नजरबंद

Admin Delhi 1
23 Feb 2023 6:49 AM GMT
किसान नेता सुखबीर खलीफा को किया गया नजरबंद
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: भारतीय किसान परिषद द्वारा आज दादरी के विधायक तेजपाल नागर के आवास के घेराव की घोषणा के बाद पुलिस ने किसान नेता सुखबीर खलीफा को उनके सेक्टर 70 स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया है। उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।

परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने बताया कि क्षेत्र की जनता विभिन्न समस्याओं से त्रस्त है और अपनी मांगों को उन्होंने कई बार विधायक के समक्ष उठाया था। इसके बावजूद जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक जनता की अनदेखी कर रहे हैं। जनता की आवाज को विधायक तक पहुंचाने के लिए ही भारतीय किसान परिषद ने उनके आवास के घेराव की घोषणा की थी।

पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने पर उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है। पुलिस के बल पर सत्ताधारी विधायक आम जनता की आवाज को दबा नहीं सकते हैं। लोकतंत्र में सभी को विरोध करने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने से उनके हौसले पस्त होने वाले नहीं हैं और विरोध का यह सिलसिला थमेगा नहीं। आने वाले समय में विधायक का घेराव जरूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक आम जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं होगा तब तक विरोध का यह सिलसिला जारी रहेगा। वहीं सुखबीर खलीफा के आवास के बाहर तैनात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें समझाने में जुटे हुए हैं। सुखबीर खलीफा को घर में नजरबंद किए जाने जानकारी मिलने पर ग्रामीणों व उनके समर्थकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है।

Next Story