- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Faridabad: फर्जी बैंक...
Faridabad: फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

फरीदाबाद; साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने व इन खातों को आॅपरेट करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ व सेंट्रल की टीम ने इन आरोपियों को उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग, राजस्थान के अलवर, डींग व जोधपुर से काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने साइबर ठगों के लिए बैंक खाते आॅपरेट करने के आरोप में यूपी बिजनौर निवासी बीएससी पास सौरभ (27) को रुद्रप्रयाग उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि ये बैंक अधिकारी बनकर लोगों को कॉल करता था। साथ ही साइबर ठगों के लिए बैंक खाते भी मैनेज करता था। खातों में आए ठगी के रुपयों को एटीएम से निकालने का काम आरोपी आलोक को दे रखा था। पुलिस से बचने के लिए वो रुद्रप्रयाग में छुपा हुआ था। क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पाइंट रिडीम करने के नाम पर 149728 रुपये की ठगी के मामले में इससे पहले खाताधारक अनुज व आलोक को भी टीम गिरफ्तार कर चुकी है। अब पकड़े गए आरोपी सौरभ को 2 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में राजस्थान अलवर निवासी विक्रम (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि उसने संजय से खाता लेकर आगे बेचा था। इस खाते में ठगी के 25800 रुपये आए थे। मामले में मनीष व संजय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब आरोपी विक्रम को 2 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। टेलीग्राम टास्क के बहाने 5.64 लाख रुपये की ठगी के मामले में ये कार्रवाई की गई है।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने साइबर ठगों के लिए बैंक खाते मैनेज करने के आरोप में राजस्थान जोधपुर निवासी स्वरूप (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि जिन खातों में ठगी के पैसे आते थे, उन खातों के लिंक मोबाइल नंबर सिम उसके पास थी। वह खातों में आए रुपयों को ठगों के बताए गए खातों में ट्रांसफर करता था। आरोपी बीए की पढ़ाई करने के बाद निजी कंपनी में नौकरी करता है। इस मामले में पहले 3 आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अब पकड़े गए आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। टेलीग्राम टास्क के बहाने 5.29 लाख रुपये की ठगी में इसे पकड़ा गया है।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने बैंक खाते मुहैया कराने के आरोप में यूपी मथुरा निवासी काला (42) को राजस्थान डींग से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गौरव से खाता लेकर आगे बेचा था। आरोपी काला ईंट भट्टे पर मजदूरी करता है। इस मामले में पहले खाता धारक मनीष, ललित व गौरव को गिरफ्तार किया जा चुका है। परिचित बनकर 85 हजार रुपये की ठगी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।





