दिल्ली-एनसीआर

Faridabad: निगम आयुक्त का नाम इस्तेमाल कर फेसबुक पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
15 July 2025 12:41 PM IST
Faridabad: निगम आयुक्त का नाम इस्तेमाल कर फेसबुक पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार
x

फरीदाबाद: नगर निगम आयुक्त की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी के मामले में आरोपी को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मुनासिब (22) यूपी मथुरा के गांव मंडोरा का रहने वाला है। आरोपी से प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि उसने पहले नगर निगम फरीदाबाद, आयुक्त की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। फिर नगर निगम के कर्मचारी के पास पैसे भेजने का मैसेज किया और फिर उसके एक साथी ने आयुक्त का दोस्त बनकर शिकायतकर्ता से पैसे मांगे।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी से वारदात में प्रयोग दो मोबाइल भी बरामद किये गये हैं। इनमें फर्जी फेसबुक आईडी चलाई जा रही थी। आरोपी पहले भी इसी प्रकार के एक मामले में वर्ष 2020 में तेलगांना के बाल सुधार गृह में रह चुका है। आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।

साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को मामले में शिकायत नगर निगम के एक कर्मचारी की ओर से दी गई थी। जिसमें आरोप लगाया गया कि 29 मई को उसके पास निगम आयुक्त के नाम की फेसबुक आईडी से मैसेज आया। इसमें कहा गया था कि उसके पास कॉल आयेगा और कॉल करने वाले की मदद करनी है। फिर शिकायतकर्ता के पास एक कॉल आया, जिसने शिकायतकर्ता से पूछा कि आयुक्त साहब का कॉल आया था क्या, तो कर्मचारी ने हां में जवाब दिया। फिर कॉल करने वाले ने कहा कि उसे 75 हजार रुपये की जरूरत है, तुरंत भेज दो। शिकायतकर्ता ने निगम आयुक्त से इस बारे में बात की तो फजीर्वाड़े का पता चला। मामले में अब साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

Next Story