दिल्ली-एनसीआर

Jewar में निबंध प्रतियोगिता आयोजित, सहकारिता पर विद्यार्थियों ने रखे विचार

Ratna Netam
2 July 2026 7:23 PM IST
Jewar में निबंध प्रतियोगिता आयोजित, सहकारिता पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
x
ग्रामीण विकास में योगदान” रखा गया था।

Noida नोएडा : सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 6 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के तहत जनपद गौतमबुद्धनगर के विकासखंड जेवर कार्यालय में एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “सहकारिता का ग्रामीण विकास में योगदान” रखा गया था।इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सहकारिता के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीण विकास, आर्थिक सहयोग और सामूहिक भागीदारी जैसे विषयों पर अपने लेखन के माध्यम से जागरूकता दिखाई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं समाजसेवी गोपाल कृष्ण अग्रवाल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी ने शिरकत की। दोनों अतिथियों ने सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि सामाजिक सहभागिता और ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है।वक्ताओं ने विद्यार्थियों को सहकारिता के सिद्धांतों, विभागीय योजनाओं और ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आर्थिक स्थिरता और सामूहिक विकास को बढ़ावा मिलता है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहकारिता आंदोलन से जुड़कर समाज और ग्रामीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन ने किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) विवेक यादव, अपर सांख्यिकी अधिकारी शिवानी सिंह, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) मोहम्मद हसीब, शगुफ्ता मोबिन, अश्वनी यदुवंशी, समिति सचिव सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Next Story