दिल्ली-एनसीआर

ईपीएफओ ने सितंबर में 16.82 लाख सदस्य जोड़े

Rani Sahu
20 Nov 2022 8:19 PM IST
ईपीएफओ ने सितंबर में 16.82 लाख सदस्य जोड़े
x
नई दिल्ली, (आईएएनएस)| कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने सितंबर 2022 में 16.82 लाख सदस्य जोड़े, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 9.14 प्रतिशत अधिक है। ईपीएफओ द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, महीने के दौरान नामांकन (रजिस्ट्रेशन) पिछले वित्त वर्ष के दौरान दर्ज मासिक औसत से 21.85 प्रतिशत अधिक था। आंकड़ों के अनुसार, 2,861 नए प्रतिष्ठानों ने कर्मचारी भविष्य निधि और विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 के तहत अपने कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा कवर सुनिश्चित करना शुरू कर दिया।
माह के दौरान जोड़े गए कुल 16.82 लाख सदस्यों में से लगभग 9.34 लाख नए सदस्य पहली बार ईपीएफओ के दायरे में आए हैं। नए सदस्यों में सबसे अधिक संख्या 18-21 वर्ष आयु वर्ग के सदस्यों की है, जिनमें 2.94 लाख सदस्य हैं। इसके बाद 2.54 लाख सदस्य 21-25 वर्ष के आयु वर्ग के हैं।
लगभग 58.75 प्रतिशत सदस्य 18-25 वर्ष के आयु वर्ग के हैं। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इससे पता चलता है कि पहली बार पढ़ाई के बाद नौकरी चाहने वाले बड़ी संख्या में संगठित क्षेत्र के कार्यबल में शामिल हो रहे हैं और संगठित क्षेत्र में नई नौकरियां बड़े पैमाने पर युवाओं को जा रही हैं।
Next Story