दिल्ली-एनसीआर

न्यूजक्लिक पर गिरी ईडी की गाज, न्यूयार्क टाइम्स के खुलासे के बाद हुई कार्रवाई

Shreya
10 Aug 2023 6:09 AM GMT
न्यूजक्लिक पर गिरी ईडी की गाज, न्यूयार्क टाइम्स के खुलासे के बाद हुई कार्रवाई
x

नई दिल्ली: न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। मनी लांड्रिंग से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में ईडी ने न्यूज पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ का एक फ्लैट जब्त कर लिया है। एजेंसी सूत्रों ने कहा कि जल्द ही इस मामले में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। दो साल के अंदर पुरकायस्थ पर यह ईडी की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले सितंबर, 2021 में भी केंद्रीय एजेंसी ने पुरकायस्थ के ठिकानों पर छापा मारा था। इसी सप्ताह की शुरुआत में यह पोर्टल तब दोबारा सुर्खियों में आ गया था, जब न्यूयार्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि समाचार पोर्टल को चीनी प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए फंड मिले थे।

न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया था कि पोर्टल को अमरीकी अरबपति नेविल रॉय सिंघम से फंड उपलब्ध कराए गए थे, जो कथित तौर पर ड्रैगन की सरकारी मीडिया तका प्रोपेगेंडा प्रसारित करता है। इस रिपोर्ट की गूंज सोमवार को संसद में भी सुनाई पड़ी थी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने न्यूज पोर्टल और कांग्रेस पर कई आरोप लगाए थे। उधर, न्यूजक्लिक ने एक बयान जारी किया था, जिसमें दावा किया गया है कि उसके खिलाफ राजनीतिक जगत और मीडिया जगत के कुछ लोगों द्वारा निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं, जो तथ्यों या कानून पर आधारित नहीं हैं।

कुर्क 4.52 करोड़ की संपत्ति अपराध की आय का हिस्सा

ईडी सूत्रों ने कहा है कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कुर्क की गई 4.52 करोड़ रुपए की संपत्ति राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साकेत इलाके में स्थित है और यह अपराध की आय का एक हिस्सा है। कुल मिलाकर, ईडी न्यूजक्लिक पोर्टल चलाने वाली कंपनी में 86 करोड़ रुपए से अधिक के फर्जी विदेशी फंड की जांच कर रही है।

Next Story