- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- पत्नी को ईडी का नोटिस,...

मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किए गए मंत्री सत्येंद्र जैन की मुश्किलें आने वाले समय में और बढ़ने वाली हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले में छानबीन करते हुए अब उनकी पत्नी पूनम जैन को नोटिस भेजा है. उन्हें अगले सप्ताह प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है. इसके साथ ही उनसे कुछ डिजिटल साक्ष्य भी मांगे गए हैं.
जानकारी के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी. इस मामले में बीते मई महीने में उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था. पूछताछ के बाद लगभग 5 करोड़ रुपये की गड़बड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था. अदालत से प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें रिमांड पर लिया था और इस दौरान कई जगह पर रेड भी की थी. उनके कई करीबियों के ठिकाने पर भी छापेमारी की गई थी. कुछ समय पूर्व प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने उनके दो करीबियों को गिरफ्तार भी किया था. उनके करीबियों के यहां छापा मारकर करोड़ों रुपए की नकदी और सोने के सिक्के भी जब्त किए गए थे.
इस मामले में छानबीन कर रही प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने अब सत्येंद्र जैन की पत्नी पूनम जैन को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है. इस नोटिस में उन्हें प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर में अगले सप्ताह पेश होने के लिए कहा गया है. सूत्रों का कहना है कि हवाला मामले में सत्येंद्र जैन एवं उनकी कंपनी को लेकर पूनम जैन से पूछताछ की जाएगी.





