दिल्ली-एनसीआर

पेट्रोलिंग के दौरान दो पुलिस कर्मियों पर आरोपित ने उस्तरे से किया हमला

Admin Delhi 1
13 July 2022 11:28 AM GMT
पेट्रोलिंग के दौरान दो पुलिस कर्मियों पर आरोपित ने उस्तरे से किया हमला
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: द्वारका जिले के बिंदापुर इलाके में पेट्रोलिंग के दौरान एक संदिग्ध को रोकने पर उसने दो हेड कांस्टेबल पर उस्तरे से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों हेड कांस्टेबल घायल हो गए। घायल होने के बावजूद दोनों पुलिस कर्मियों ने जेजे कॉलोनी पप्पन कलां में रहने वाले एसके मसरफ नामक शख्स को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी एम हर्षवर्धन ने बताया कि हेड कांस्टेबल जितेंद्र और मुकेश मंगलवार शाम 6.45 बजे अपने नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एसके मसरफ को संदिग्ध स्थिति में घूमते हुए पाया। जब दोनों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा। दोनों ने पीछाकर जब रोका तो आरोपित ने अपने पास रखे उस्तरा से दोनों पर हमला कर दिया। अचानक किए गए इस हमले में हेड कांस्टेबल जितेंद्र के सिर पर चोट आई, जबकि हेड कांस्टेबल मुकेश के हाथ में चोट आई। लेकिन घायल होने पर भी दोनों ने उसे दबोच लिया। इधर घायल हेड कांस्टेबल मुकेश को अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। हेड कांस्टेबल जितेंद्र का इलाज चल रहा है लेकिन वह ठीक है।

डीसीपी ने कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्य का पालन करने में अनुकरणीय वीरता का प्रदर्शन किया है और दिल्ली पुलिस के बहुत अच्छे प्रदर्शन को दर्शाते हैं जो आम जनता को नुकसान से बचाने के लिए हमेशा खुद को जोखिम में डालने के लिए तैयार रहते हैं।

Next Story