दिल्ली-एनसीआर

दाखिला लेने वालों के लिए दूत बना डीयू, चिट्ठी लिखकर किया यह आग्रह

Admin4
17 July 2022 3:01 PM IST
दाखिला लेने वालों के लिए दूत बना डीयू, चिट्ठी लिखकर किया यह आग्रह
x

कुछ विदेशी विश्वविद्यालय डीयू के गोपनीय रिजल्ट को नहीं मान रहे।

विदेशी विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय दूत का काम कर रहा है। दरअसल, विदेशी विवि डीयू के गोपनीय रिजल्ट को स्वीकार नहीं कर रहेे हैं। इस कारण से विद्यार्थियों को अपना दाखिला रद्द होने का डर सता रहा है। ऐसे में डीयू परीक्षा शाखा की ओर से विदेशी विवि को ईमेल के माध्यम से रिजल्ट रद्द नहीं करने और गोपनीय रिजल्ट को स्वीकार करने के लिए कहा गया है। विदेशी छात्रों को रिजल्ट का इंतजार करने को कहा गया है।

डीयू परीक्षा शाखा के डीन प्रो. डीएस रावत ने बताया कि अंतिम वर्ष के विद्यार्थी फाइनल रिजल्ट जारी होने सेे पहले किसी विदेशी विवि व नौकरी के लिए गोपनीय रिजल्ट मांगते हैं। इस बार भी करीब 300 विद्यार्थियों को गोपनीय रिजल्ट जारी किया गया है। इनमें सेे कुछ-एक विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा में दाखिले के लिए अपना गोपनीय रिजल्ट विदेशी विश्वविद्यालयों में जमा कराया। लेकिन कुछ विश्वविद्यालयों ने विद्यार्थियों को अंतिम परिणाम जमा करने के लिए कहा। अन्यथा उनका दाखिला रद्द हो जाएगा।

विदेशी विश्वविद्यालयों के गोपनीय रिजल्ट स्वीकार नहीं किए जाने के बाद विद्यार्थियों की ओर से डीयू में संपर्क किया गया है। प्रो. रावत ने बताया कि विद्यार्थियों की मदद करने के लिए विदेशी विश्वविद्यालयों में ई-मेल के माध्यम से व्यक्तिगत रुप से अनुरोध किया है कि वह विद्यार्थियों का दाखिला रद्द न करें और अंतिम परिणाम की परीक्षा करें। कुछ कोर्सेज के रिजल्ट जारी कर दिए गए हैं इस महीनेे के अंत तक पूरे परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। परिणाम घोषित होते ही विदेेशी विश्वविद्यालय को सूचित करेंगे। इस व्यवस्था के बाद विदेशियों को सहूलियत बढ़ जाएगी।

डीयू ने रिकॉर्ड 40 दिन में नतीजे घोषित किए

दिल्ली विश्वविद्यालय ने यूजी-पीजी के अंतिम वर्ष की परीक्षा समाप्त होने के 40 दिन के रिकॉर्ड समय में नतीजे घोषित कर दिए। डीयू के इतिहास में ऐसा पहली बार है जब शिक्षण, परीक्षा और मूल्यांकन एक साथ चला और परिणाम समयबद्ध तरीके से घोषित हुए। शनिवार को यूजी अंतिम वर्ष के पचास फीसदी कोर्सेज और पीजी के 18 कोर्सेज के रिजल्ट जारी किए गए। अब शेष कोर्सेज के रिजल्ट इस माह के अंत तक घोषित होंगे।

दिल्ली विश्वविद्यालय में अब तक रिजल्ट आने में चार से पांच महीने लग जाते थे। डीयू परीक्षा शाखा डीन प्रो. डीएस रावत ने बताया कि जून में अंतिम वर्ष की परीक्षाएं समाप्त हुई हैं। अब तक यह होता है कि परीक्षा होनेे पर डीयू बंद हो जाता था, लेकिन इस बार डीयू खुला रहने के कारण शिक्षकों ने शिक्षण भी किया और मूल्यांकन भी। इन्हीं संयुक्त प्रयासों की वजह से परीक्षाएं समाप्त होने के चालीस दिन के अंदर परीक्षा परिणाम घोषित हो सका।

डीयू में 8,560 पूर्व छात्र पूरी कर सकेंगे डिग्री

दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष में डिग्री पूरी करने के लिए मिले मौके के तहत अब तक 8,560 पूर्व विद्यार्थी पेपर देकर अपनी डिग्री पूरी कर सकेंगे। अब तक कुल 13, 671 ने आवेदन किया है। इनमें से 8,560 ने शुल्क का भुगतान किया है। इस कारण से शुल्क भुगतान करने वालों को ही पेपर देने का मौका मिलेगा। छात्रों के पास अपनी डिग्री पूरी करने का यह अंतिम अवसर था।

डीयू में इसके लिए शुरू की गई आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार शाम (15 जुलाई) को समाप्त हो गई। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद डीयू परीक्षा शाखा की ओर से आंकड़े जारी किए गए हैं। परीक्षा शाखा डीन प्रो. डीएस रावत के अनुसार 15 जुलाई तक 13, 671 ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए आवेदन किया। इनमें से 9,853 ने अपने सभी पेपर जमा करा दिए। जबकि 8560 पूर्व छात्रों ने फीस का भुगतान कर दिया। मालूम हो कि तीस जून तक समाप्त हुई इस आवेदन प्रक्रिया के तहत 1973-75, 1976-79, व 1977-80 बैच के एक-एक छात्र ने भी आवेदन किया था।

Next Story