दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में डीटीसी के पास 2025 तक होंगी 8180 इलेक्ट्रिक बसें, 1500 लो फ्लोर जीरो एमिशन इलेक्ट्रिक बसों का आर्डर

Admin Delhi 1
25 Aug 2022 5:20 AM GMT
दिल्ली में डीटीसी के पास 2025 तक होंगी 8180 इलेक्ट्रिक बसें, 1500 लो फ्लोर जीरो एमिशन इलेक्ट्रिक बसों का आर्डर
x

दिल्ली न्यूज़: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि 2025 तक डीटीसी के बेड़े में 8180 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हो जाएंगी। राजघाट डिपो में 97 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि डीटीसी ने 1500 लो फ्लोर जीरो एमिशन इलेक्ट्रिक बसों का आर्डर दिया जा रहा है। ये लो-फ्लोर एसी इलेक्ट्रिक बसें नवंबर 2023 तक आ जाएंगी। डीटीसी द्वारा इन 1500 लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों को अपने बेड़े में शामिल करने से इनकी संख्या बढक़र 1800 हो जाएगी। एक तरह दिल्ली देश का इकलौता राज्य हो जाएगा, जहां की सडक़ों पर 1800 लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी।

दिल्ली परिवहन निगम अपने बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों आगे भी शामिल करना जारी रखेगा। दिल्ली सरकार की मंशा है कि 2025 तक 6380 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें और खरीदी जाएंगी। सरकार के प्लान के अनुसार 6380 लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें 2025 के अंत तक आ जाएंगी, तो डीटीसी के बेड़े का आंकड़ा 10,380 बसों का हो जाएगा। इसमें 8180 लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी, जो बेड़े में शामिल कुल बसों का लगभग 80 प्रतिशत है। अभी सार्वजनिक परिवहन के बेड़े में शामिल कुल इलेक्ट्रिक बसों की 3.4 प्रतिशत हिस्सेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अभी 153 इलेक्ट्रिक बसें चल रही थीं। बेड़े में 97 और ई-बसों के शामिल होने के बाद इनकी संख्या 250 हो गई है। अगले माह 50 ई-बसें और आएंगी, जिससे दिल्ली में सितंबर तक ई-बसों की संख्या 300 पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में वर्तमान में शहरी बस परिवहन बेड़े के अंतर्गत 7373 बसें सडक़ों पर हैं। इसमें सीएनजी और इलेक्ट्रिक दोनों शामिल हैं, जो सिटी बस परिवहन के अंदर मौजूद बसों की अब तक की सबसे अधिक संख्या है। इसमें दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के तहत संचालित 4064 और डीआईएमटीएस (दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टीमॉडल ट्रांजिट सिस्टम) के तहत संचालित की जा रही 3309 बसें शामिल हैं। इसके साथ ही केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में महिलाएं अब पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दिल्ली की प्रगति में काम कर रही हैं। दिल्ली में 11 महिलाओं को बस चलाने की जिम्मेदारी दी गई है और आने वाले समय में 200 और महिलाओं को यह जिम्मेदारी दी जाएगी।

55 बस डिपो के विद्युतीकरण: दिल्ली सरकार ई-बसों के रखरखाव व चार्जिंग के लिए बस डिपो का तेजी से विद्युतीकरण भी कर रही है। सरकार ने 55 बस डिपो के विद्युतीकरण का लक्ष्य रखा है। इनमें से तीन डिपो विद्युतीकृत हो चुके हैं, जबकि जून 2023 तक 17 बस डिपो और 35 बस डिपो को दिसंबर 2023 तक विद्युतीकृत करने का लक्ष्य है। यहां कुल 16 हाई स्पीड चार्जर भी लगाए जाएंगे, जबकि 10 चार्जर पहले से ही लग चुके हैं। एक बस की बैटरी अगर जीरो प्रतिशत है और उसे 100 प्रतिशत तक चार्ज करना है तो लगभग 42 मिनट का समय लगता है। इलेक्ट्रिक बसों के लिए 18 हजार चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे।

बसों में उपलब्ध सुविधाएं:

-ये एसी लो फ्लोर बसें दिव्यांगों के अनुकूल हैं।

-अन्य बसों की तरह इसमें भी महिलाओं को मुफ्त टिकट व पास की सुविधा मिलेगी।

-सभी सीएनजी व इलेक्ट्रिक बसें जीरो स्मोक, जीरो नाइज और पूरी तरह से बीएस-6 के मानकों को पूरा करती हैं।

-सभी बसें जीपीएस युक्त हैं, बसों में डिजिटल टिकटिंग व संपर्क रहित टिकटिंग की सुविधा है।

-सुरक्षा के मद्देनजर बसों में सीसीटीवी हैं, बसों में पैनिक बटन व हूटर, सभी टू-वे सेंट्रलाइ'ड कमांड और कंट्रोल सेंटर से जुड़े हुए हैं।

Next Story