- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Noida में डबल डेथ...

नोएडा: थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-75 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उसके दोस्तों ने उसे उपचार के लिए नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया था। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके अलावा थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-43 में एक 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पुलिस को मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों की सहायता से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि मोहित सतीश मूल निवासी जलगांव महाराष्ट्र नोएडा के एक नामी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्य करते थे। वह अपने पांच दोस्तों के साथ सेक्टर-75 स्थित एक सोसाइटी में किराए के मकान में रहते थे। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात को उनके दोस्तों ने उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया। उपचार के दौरान डॉक्टरो ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
इसके अलावा थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को आकाश तोमर ने सूचना दी की सेक्टर-43 के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव के आसपास नशीली इंजेक्शन पड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यह व्यक्ति नशे का ज्यादा सेवन किया, तथा गर्मी के चलते उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।





