- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Delhi में घरेलू विवाद...
Delhi में घरेलू विवाद बना खूनखराबा, पत्नी ने पति की हत्या की

New Delhi नई दिल्ली : जगतपुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर दिया है। मामले में 20 वर्षीय अलीशा पर अपने 19 वर्षीय पति मुस्तकीम उर्फ साहिल की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की सुबह करीब 3:52 बजे जगतपुरी पुलिस स्टेशन को राशिद मार्केट से एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। कॉल में सूचना दी गई कि एक महिला ने अपने पति का गला घोंट दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने मुस्तकीम को बेहोशी की हालत में पाया। उसे तत्काल नजदीकी डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी अलीशा पर हत्या का संदेह जताया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सके।
फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इस मामले को लेकर हैरान हैं कि आखिर इतनी कम उम्र में इस तरह की वारदात कैसे हो गई।





