दिल्ली-एनसीआर

अवकाश होने के बावजूद सीईओ ऋतु महेश्वरी ने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पहुंचकर बुलाई अफसरों की अहम बैठक

Admin Delhi 1
1 Oct 2022 4:18 PM IST
अवकाश होने के बावजूद सीईओ ऋतु महेश्वरी ने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पहुंचकर बुलाई अफसरों की अहम बैठक
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: ऋतु महेश्वरी ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पहुंच गई हैं। शनिवार को अवकाश होने के बावजूद प्राधिकरण को खुलवाया गया है। ऋतु को शासन ने नोएडा के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। महेश्वरी ने प्राधिकरण पहुंचकर सबसे पहले कार्यभार ग्रहण किया है। इसके बाद तमाम विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इस वक्त सीईओ के कार्यालय में बैठक चल रही है। वह शहर में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी लेंगी। मातहत अफसरों को अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताएंगी। आपको बता दें कि इसी सप्ताह तत्कालीन मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुरेंद्र सिंह प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली सरकार में चले गए हैं। जिसके बाद राज्य सरकार ने ऋतु महेश्वरी को ग्रेटर नोएडा का अतिरिक्त प्रभार दिया है।

अब एक साथ तीन काम देखेंगी ऋतु महेश्वरी: अब ऋतु महेश्वरी गौतमबुद्ध नगर जिले में एक साथ तीन काम देखेंगी। वह नोएडा अथॉरिटी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी हैं। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक हैं। अब उन्हें ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी भी बनाया गया है। आपको बता दें कि 8 सितंबर 2019 को राज्य सरकार ने ऋतु महेश्वरी को गाजियाबाद से गौतमबुद्ध नगर स्थानांतरित किया था। उन्हें नोएडा की सीईओ और एनएमआरसी की एमडी बनाकर भेजा गया था। अब ठीक 3 साल बाद उन पर मुख्यमंत्री ने भरोसा जताते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की भी जिम्मेदारी सौंपी है।

ऋतु की सख्त प्रशासक के तौर पर होती है पहचान: ऋतु महेश्वरी उत्तर प्रदेश कैडर में साल 2003 बैच की आईएएस अफसर हैं। वह अब तक उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में बतौर जिलाधिकारी काम कर चुकी हैं। कई विकास प्राधिकरणों में काम करने का लंबा अनुभव है। ऋतु महेश्वरी की पहचान सख्त प्रशासक के तौर पर होती है। बड़ी बात यह है कि महेश्वरी ने गाजियाबाद और नोएडा में बड़े बदलाव करके दिखाएं हैं। जिनकी बदौलत नोएडा शहर को स्वच्छ भारत अभियान में बड़ी उपलब्धियां हासिल हुई हैं। ग्रेटर नोएडा के निवासियों को ऋतु महेश्वरी से बड़ी उम्मीदें हैं।

Next Story