- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली में सफाई...
दिल्ली में सफाई व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, सीएम ने एमसीडी की नई सुविधाओं का किया शुभारंभ

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली में कचरा उठाने और सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सरिता विहार में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की नई सुविधाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर मोनिका पंत, निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, निगमायुक्त संजीव खिरवार मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में बताया कि आज दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के 25 वार्डों में घर-घर से कचरा उठाने के लिए 428 ऑटो टिपर, 128 ई-रिक्शा और 25 टाटा 407 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इकट्ठा किए गए कचरे को उठाने और आगे ले जाने के लिए 27 रिफ्यूज कॉम्पैक्टर, 5 रिफ्यूज कलेक्टर और 30 हुक लोडर की व्यवस्था की गई है। कचरे को सही तरीके से इकट्ठा करने के लिए 100 कॉम्पैक्टर बिन उपलब्ध कराए गए हैं। दिल्ली के सभी 250 वार्डों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के लिए बैटरी से चलने वाली आधुनिक लिटर पिकर मशीनों की शुरुआत की गई है।
महापौर ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार एमसीडी के साथ मिलकर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार नए संसाधन उपलब्ध करा रही है। इसी कड़ी में आज लगभग 200 नए मशीनों को स्वच्छता बेड़े में शामिल किया गया और विभिन्न वार्डों में लिटर पिकर्स की तैनाती की शुरुआत की गई। इससे कचरा संग्रहण और सड़कों की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।





