- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्लीवासी को 10 जून...
दिल्ली-एनसीआर
दिल्लीवासी को 10 जून के बाद मिलेगी झुलसाने वाली गर्मी से राहत
Rani Sahu
6 Jun 2022 9:08 PM IST

x
राजधानी दिल्ली को शुक्रवार के बाद झुलसाने वाली गर्मियों से राहत मिलेगी। मौसम विभाग का अनुमान है
राजधानी दिल्ली को शुक्रवार के बाद झुलसाने वाली गर्मियों से राहत मिलेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार और रविवार को छिटपुट बादलों की आवाजाही रहेगी और इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस बीच, सोमवार के दिन लगातार तीसरे दिन दिल्ली के कई इलाकों में लू की स्थिति बनी रही।
दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार की सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तीखी और तेज हो गई। दोपहर ग्यारह बजे के बाद ही लोगों का घरों से निकलना मुहाल होने लगा। जबकि, दोपहर दो बजे तक लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का साफ अहसास हुआ। इसके चलते खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र मे दिन का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है।
सूखी गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
सूखी गर्म हवाओं के चलते दिल्ली के लोगों की परेशानी बढ़ गई। दिन के समय सफदरजंग में आर्द्रता अधिकतम स्तर 68 फीसदी व न्यूनतम स्तर 16 फीसदी रहा। इससे समझा जा सकता है कि दोपहर के समय गर्म हवा में नमी की मात्रा बेहद कम रही। इस दौरान हवा की गति भी 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रही। इसके चलते लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई इलाकों में पारा 46 के पार
दिल्ली के कई इलाकों मे पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। खासतौर पर नजफगढ़, जफरपुर और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स क्षेत्र में लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली के मौसम में अर्बन हीट आईलैंड का प्रभाव लगातार देखने को मिल रहा है। सोमवार के दिन भी लोधी रोड और पीतमपुरा के न्यूनतम तापमान में खासा अंतर देखने को मिला। पीतमपुरा का न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, लोधी रोड का न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। एक ही शहर में कुछ किलोमीटर की दूरी पर तापमान में इतने ज्यादा अंतर के लिए अर्बन हीटआईलैंड प्रभाव को ही जिम्मेदार माना जा रहा है।
मंगलवार को भी झेलनी होगी लू
दिल्ली के ज्यादातर हिस्से में लोगों को मंगलवार के दिन भी झुलसाने वाली लू का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन के समय 25 से लेकर 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते लोगों को लू के थपेड़ों का अहसास भी ज्यादा होगा।
तेज हवा के चलते प्रदूषण से राहत
तेज हवा के चलते दिल्ली के लोगों को प्रदूषित हवा से भी थोड़ी राहत मिली है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक सोमवार के दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक 195 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है।
शुक्रवार के बाद मिलेगी राहत
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय पाकिस्तान-अफगानिस्तान की सीमा पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जबकि, देश के उत्तर पश्चिमी हिस्से में एक चक्रवाती परिसंरक्षरण बना हुआ है। मौसम के इन कारकों के चलते शुक्रवार के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। शनिवार और रविवार के दिन दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक आने के आसार जताए गए हैं।
Next Story





