दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: सागरपुर इलाके में एक सिरफिरे ने महिला की चाकू मारकर की हत्या, आरोपी फरार

Admin Delhi 1
21 April 2022 4:04 PM GMT
दिल्ली: सागरपुर इलाके में एक सिरफिरे ने महिला की चाकू मारकर की हत्या, आरोपी फरार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: दक्षिण पश्चिम जिले के सागरपुर इलाके में दिनदहाड़े सिरफिरे आशिक ने एक महिला पर ताबड़तोड़ चाकू से प्रहार किया। घायल होने के बाद महिला अपनी जान बचाने के लिए एक घर में घुस गई। इधर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। जिस घर में महिला घुसी उस घर में रहने वालों ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान आरती (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये नजदीकी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। आरोपित की पहचान भैरव के रूप में हुई है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। साथ ही आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना अशोक पार्क वेस्ट सागरपुर में हुई है। अशोक पार्क स्थित गली संख्या-08 के पास राधे श्याम नामक व्यक्ति की कबाड़ी की दुकान है। दुकान के समीप ही उसका घर है। गुरुवार दोपहर करीब ढ़ाई बजे राधेश्याम को किसी ने बताया कि गली में एक महिला को कोई चाकू मार रहा है। राधेश्याम तुरंत गली की ओर दौड़ा तो देखा एक महिला उसके घर में घुसी है। घर के अंदर जाकर देखा तो महिला के शरीर पर चाकू के घाव थे। महिला जमीन पर गिर पड़ी। जिसे राधे श्याम ने अपने भाई की मदद से स्कूटी से तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस सूत्रों की माने तो महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे है। वहीं आरोपित भैरव भी शादीशुदा है। दोनों की लेबर क्लास है। महिला सागरपुर में रहती है। पुलिस फिलहाल यह जानने की कोशिश कर रही है कि महिला अशोक पार्क कैसे आई, क्या उसे भैरव ने बुलाया था ? या फिर महिला किसी काम से आई थी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपित महिला के पीछे दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस सभी दृष्टिकोण से मामले की जांच कर रही है।

Next Story