दिल्ली-एनसीआर

नए साल में दिल्ली को मिलेगी जाम से राहत, पूरे होंगे बड़ी परियोजनाएं

Admin Delhi 1
28 Dec 2022 6:22 AM GMT
नए साल में दिल्ली को मिलेगी जाम से राहत, पूरे होंगे बड़ी परियोजनाएं
x

दिल्ली: दिल्ली में नए साल में फ्लाईओवर और अंडरपास की आधा दर्जन निर्माणाधीन परियोजनाएं पूरी हो रही हैं। जिससे राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। कई परियोजनाएं अगले साल के पहले तिमाही में ही पूरी हो रही हैं। तीन अंडरपास और एक फ्लाईओवर अगली जनवरी से लेकर फरवरी तक शुरू हो जाएंगे। जिसमें किदवई नगर अंडरपास, जगतपुर अंडरपास, भैरो मार्ग-रिंग रोड अंंडरपास व आश्रम फ्लाईओवर विस्तार शामिल हैं। इसमें किदवई नगर अंडरपास बनकर तैयार है और दोनों ओर लिफ्ट लगाने के लिए टेंडर जारी किया गया है। इनमें से तीन परियोजनाएं रिंग रोड पर ही तैयार हो रही हैं। जिससे रिंग रोड पर दक्षिणी दिल्ली से लेेकर उत्तरी दिल्ली तक के लोगों को यातायात जाम से राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ अनंत कुमार ने बताया कि सभी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग की करीब 1400 किलोमीटर लम्बी सड़कों पर अब भी 350 स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण है, जिस पर एसटीएफ को कार्रवाई करनी है। अतिक्रमण से भी सड़कों पर जाम की समस्या हो रही है।

फरवरी में पूरा होगा आश्रम फ्लाईओवर विस्तार: आश्रम और उसके आसपास के इलाके को जाममुक्त बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। जल्द ही ये पूरा स्ट्रेच जाममुक्त हो जाएगा।पीडब्ल्यूडी के प्रमुख चीफ इंजीनियर (फ्लाईओवर) पी.के. परमार ने कहा कि यहां चल रहा आश्रम फ्लाईओवर का विस्तार कार्य फरवरी में पूरा हो जाएगा। इसके बनने से आश्रम चौक और डीएनडी तथा आश्रम चौक से सराय काले खां की ओर आना-जाना आसान हो जाएगा। इस परियोजना को कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद फ्लाईओवर विस्तार का निर्माण कार्य जून 2020 में शुरू हुआ था।

भैरो मार्ग-रिंग रोड अंंडरपास: भैरो मार्ग से रिंग रोड पर जाने के लिए भैरो मार्ग रिंग रोड टी-प्वाइंट पर अंडरपास बनाया जा रहा है। इससे मथुरा रोड से आकर भैरो मार्ग होते हुए सीधे रिंग राेड पर जा सकेंगे। इससे लोगों को बहुत लाभ मिलेगा। अभी भैरो मार्ग से रिंग राेड पर आश्रम की ओर जाने के लिए पहले एक किलोमीटर के करीब आईटीओ की ओर जाना होता है। उसके बाद पेट्रोप पंप के पास से यू-टर्न कर वापस आना होता है। ऐसे में यू-टर्न वाले इस प्वाइंट पर भी जाम लग रहा है। इसे सितंबर तक तैयार हो जाना था, मगर रेलवे लाइन के नीचे काम में आ रही जटिलता के चलते अब यह कार्य फरवरी तक पूरी होने की उम्मीद है।

किदवई नगर अंडरपास तैयार: पूर्वी किदवई नगर और आईएनए दिल्ली हाट के बीच पैदल यात्रियों के आने-जाने के लिए बने अंडरपास पर लोक निर्माण विभाग ने काम पूरा कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक इसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा,जिससे नए साल में साल में लोगों को इसकी सुविधा मिल सकेगी। इसकी शुरुआती समय सीमा इस साल मई थी और पहली समय सीमा अगस्त 2021 थी। लेकिन लॉकडाउन के कारण पूरे शहर में काम ठप होने के कारण देरी हुई है।

जगतपुर अंडरपास: अंडरपास बुरारी और वजीराबाद के बीच निर्माणाधीन है। यह सड़क शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, इस कारण यहां दुर्घटनाओं का अंदेशा रहता है। गांधी विहार अंडरपास के पैदल यात्रियों वाले भाग को तैयार कर लोगों द्वारा इसका उपयोग शुरू करने के बाद काफी राहत मिली है। क्षेत्र में कई कोचिंग संस्थान भी हैं। अंडरपास के जिस भाग से वाहन गुजरने हैं, इसे जनवरी तक तैयार किए जाने का लोक निर्माण विभाग का लक्ष्य है।

मुकरबा चौक और हैदरपुर मेट्रो रोड होगा जाममुक्त: शालीमार बाग में तीन अंडरपास 59.50 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जा रहा है। अंडरपास से मुकरबा चौक और हैदरपुर बादली मेट्रो के आसपास यातायात जाम से राहत मिलेगी। पहला अंडरपास हैदरपुर बादली मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर तीन के पास पैदल चलने वालों के लिए बनाया जा रहा, जबकि दूसरा बादली आउटर रिंग रोड और शालीमार बाग के बीच चलने वाले वाहनों के लिए बनाया जाएगा। तीनों अंडरपास अगले साल बनकर तैयार हो जाएंगे। अंडरपास बनने के बाद रास्ता डेढ़ किलोमीटर कम हो जाएगा। तीसरा अंडरपास एलिवेटेड रोड के जरिए संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से आजादपुर के बीच चलने वाले वाहनों के लिए बनाया जा रहा। यह अंडरपास मुकरबा चौक पर लगने वाले यातायात जाम को खत्म करेगा और लोगों के वक्त को बचाएगा।

Next Story