दिल्ली-एनसीआर

Delhi: अज्ञात हमलावर ने युवती की गोली मारकर हत्या

Tara Tandi
15 April 2025 10:53 AM IST
Delhi: अज्ञात हमलावर ने युवती की गोली मारकर हत्या
x
Delhi दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के जीटीबी (गुरु तेग बहादुर) एन्क्लेव थाना क्षेत्र में एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है। जहां अज्ञात हमलावर ने जल बोर्ड गेट के सामने एमआईजी फ्लैट्स के पास लड़की को गोली मार दी। गोली लगने से लड़की की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। शाहदरा जिले के डीसीपी प्रशांत गौतम, एडिशनल डीसीपी नेहा यादव, एसीपी, स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ), क्राइम टीम, एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) टीम और स्पेशल स्टाफ टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।
युवती की हत्या के जांच में जुटी पुलिस
एडिशनल डीसीपी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हमें करीब आधे घंटे पहले एक कॉल आई जिसमें बताया गया कि एक लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि लड़की की उम्र लगभग 20 वर्ष थी। हालाँकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। न तो उसका नाम पता है और न ही यह कि वह कहां से है। पुलिस ने लड़की के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल के शवगृह में भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद पूरी जानकारी मिल सकेगी।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शरू
पुलिस फिलहाल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि अपराधी कौन थे, वे कहां से आए थे और अपराध करने के बाद वे किस दिशा में भागे थे।
इससे पहले भी एक ऐसी ही घटना हुई थी
इससे पहले 10 अप्रैल की रात करीब 10 बजे दयालपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गली नंबर 15 में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि, इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल और एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह अपराध पुरानी रंजिश के कारण किया गया।
Next Story