दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: ड्रग्स सप्लाई करने जा रही दो स्कूटी सवार महिलाएं हुई गिरफ्तार

Admin Delhi 1
1 April 2022 10:49 AM GMT
दिल्ली: ड्रग्स सप्लाई करने जा रही दो स्कूटी सवार महिलाएं हुई गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: शाहदरा इलाके से स्मैक खरीदकर नाइजीरियनों को सप्लाई करने वाली दो शातिर महिला सप्लायरों को मंगोलपुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाओं के कब्जे से 36 ग्राम स्मैक और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। पुलिस आरोपितों के नेटवर्क के बारे में पता कर उनको भी पकड़ने की कोशिश कर रही है। दोनों काफी समय से स्मैक की सप्लाई में शामिल हैं। डीसीपी समीर शर्मा ने बताया कि जिला पुलिस ड्रग्स की तस्करी व बेचने वालों पर शिकंजा कसने के लिये अपने मुखबीर की सहायता से उनके बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है। क्योंकि ये लोग युवाओं को मौत का सामान अपने निजी स्वार्थों को पूरा करने के लिये कर रहे हैं। इनको पकड़ने के लिये पुलिस टीमें 'सरप्राइज चेकिंग' और सादे कपड़ों में प्राईवेट वाहनों में भी गश्त कर इनपर नजर रखे हुए हैं।

एसीपी वीरेन्द्र कादयान की देखरेख में एसएचओ मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ बीते बुधवार रात दस बजे रामलीला मैदान, कलामंदिर, मंगोल पुरी के पास गश्त पर थे। तभी उन्होंने पकड़ी गई दोनों को स्कूटी से जाते हुए देखा। अचानक पुलिस टीम को देखकर उन्होंने अपनी स्कूटी तेज कर भागने की कोशिश की। उस दौरान उनकी जेब से एक पुड़िया (पैकेट) गिर गई, जिसे पीछे बैठी सवार महिला ने उठा लिया। शक होने पर दोनों का पीछा कर पकड़ लिया। महिला पुलिसकर्मियों को तुरंत मौके पर बुलाया। जिन्होंने दोनों महिलाओं की तलाशी ली। जिनके पास से 15 ग्राम और 21 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मंगोलपुरी में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। दोनों महिलाओं से पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने बुद्ध विहार में रहने वाले अशोक और शाहदरा रेलवे स्टेशन से एक रफीक से स्मैक खरीदी थी और मंगोलपुरी निवासी रेखा और सपना और एक नाइजीरियन को सप्लाई करने जा रही थी।

दोनों महिलाओं को पार्टियों में जाने की आदत थी, जहां वे नशे की लत बन जाती हैं और फिर ड्रग्स की आपूर्ति में शामिल हो जाती हैं। दोनों युवतियां शाहदरा के नंद नगरी में लिव-इन-रिलेशनशिप में रहकर किराए पर रह रही हैं। दोनों ने 12वीं तक पढ़ाई की और अब ड्रग्स की सप्लाई कर रही हैं। पुलिस दोनों के फोन नंबर भी जब्त कर उनकी कॉल डिटेल को खंगाल रही है। पुलिस को शक है कि दोनों एक अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का हिस्सा हो सकती हैं।

Next Story