- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली: दो कैदी जेल...
दिल्ली: दो कैदी जेल वैन में आपस में भिड़े, पुलिस ने बड़ी चालाकी से दोनों को किया काबू

दिल्ली न्यूज़: जेल वैन में दो कैदी आपस में भिड़ गए। दोनों ने एक दूसरे पर हमला कर खुद को जख्मी कर लिया। मामला जीटीबी एंक्लेव इलाके का है जहां पुलिस कर्मियों ने उनको काबू करने का प्रयास किया लेकिन दोनों नहीं माने। परेशान होकर जेल वैन में मौजूद जवानों ने दोनों पर मिर्च पाउडर डालकर उनको काबू में किया। बाद में जेल वैन में तैनात एएसआई की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक एएसआई वेद प्रकाश की फिलहाल तैनाती मंडोली जेल में हैं। शनिवार को वह जेल वैन में विचाराधीन कैदी पंकज उर्फ परविंदर और आकाश उर्फ संतोष उर्फ भूरा को पेशी के लिए कडक़डड़ूमा कोर्ट में लेकर आया था। शाम को पेशी के बाद जेल वैन से ही दोनों को वापस लेकर एएसआई वेद प्रकाश और बाकी पुलिसकर्मी वापस मंडोली जेल आ रहे थे, जैसे ही वैन जीटीबी एंक्लेव इलाके में पहुंची तभी अचानक पंकज और आकाश आपस में भिड़ गए। दोनों ने एक दूसरे को लहूलुहान कर लिया। पुलिस कर्मियों ने जेल वैन को रोककर उनको छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह लडऩा छोड़ नहीं रहे थे। बाद में किसी तरह मिर्च पाउडर डालकर दोनों को काबू किया गया। वेद प्रकाश की शिकायत पर पंकज और आकाश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।





