दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में वीरवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रहा

Admin Delhi 1
7 April 2022 5:47 PM GMT
दिल्ली: राजधानी दिल्ली में वीरवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रहा
x

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली में वीरवार को भी भीषण गर्मी रही और सफदरजंग वेधशाला में इस साल पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इसके साथ ही वीरवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रहा और पिछले चार सालों में सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इससे पहले सात मार्च 2019 को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। राजधानी में केवल एसपीएस मयूर विहार मौसम केंद्र को छोडक़र सभी केंद्रो पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया,जो कुछ स्थानों पर 42 डिग्री तक दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान बढक़र 41 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। लू का प्रकोप जारी रहेगा।

लोधी रोड, रिज, मुंगेशपुर और पीतमपुरा में भीषण गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा। स्पोट््र्स कॉम्प्लेक्स मौसम केंद्र में शहर का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि गर्मी के और भीषण होने की संभावना है और सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान शनिवार तक 42 डिग्री के निशान को छू सकता है। कम से कम एक सप्ताह भीषण गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्से मार्च के अंतिम सप्ताह से भीषण गर्मी की चपेट में हैं और इन हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बुधवार को कहा कि उत्तर पश्चिम भारत और इससे लगे मध्य भारत के इलाकों में अप्रैल में कहीं अधिक भीषण गर्मी पडऩे और अक्सर 'लू' चलने का पूर्वानुमान है। उन्होंने कहा था, ''मार्च की तुलना में अप्रैल में भीषण गर्मी वाली परिस्थितियां कहीं अधिक होंगी। और कुछ हिस्सों में 15 अप्रैल तक लू चलना जारी रह सकता है। '' मैदानी इलाकों में, भीषण गर्मी उस वक्त घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तथा सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहता है।

राजधानी में कहां कितना अधिकतम तापमान

सफदरजंग 40 डिग्री सेल्सियस

पालम 40.3 डिग्री सेल्सियस

लोधी रोड 40.9 डिग्री सेल्सियस

रीज 41.8 डिग्री सेल्सियस

आयानगर 41.4 डिग्री सेल्सियस

जफरपुर 41 डिग्री सेल्सियस

मुंगेशपुर 41.3 डिग्री सेल्सियस

नजफगढ़ 41.7 डिग्री सेल्सियस

पीतमपुरा 42.2 डिग्री सेल्सियस

स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स 42.8 डिग्री सेल्सियस

एसपीएस मयूर विहार 39.2 डिग्री सेल्सियस

Next Story