दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: 25 लाख रंगदारी और फायरिंग केस में तीन गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

SHIDDHANT
27 Aug 2025 8:27 PM IST
दिल्ली: 25 लाख रंगदारी और फायरिंग केस में तीन गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
x

सांकेतिक तस्वीर (AI) 

DELHI दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और फायरिंग की घटना के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्वी दिल्ली जिला की ऑपरेशन सेल ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मास्टरमाइंड गुरजिंदर सिंह और उसका एक साथी अब भी फरार हैं। यह मामला 12 अगस्त को सामने आया था, जब गिरी ज्वेलर्स के निदेशक को शाम 5 बजे व्हाट्सऐप पर धमकी भरा संदेश मिला। संदेश में 25 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। संवेदनशील मामला होने पर डीसीपी अभिषेक धानिया ने साइबर सेल और ऑपरेशन सेल की संयुक्त टीम गठित की। तकनीकी जांच से पता चला कि संदेश पंजाब के तरनतारन से भेजा गया था। पुलिस ने वहां से 23 वर्षीय रोहित बुल्लर को गिरफ्तार किया।

इसके बाद 21 वर्षीय अर्शदीप सिंह को गुरदासपुर से पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि पूरे नेटवर्क का संचालन गुरजिंदर सिंह कर रहा था। जांच में एक और आरोपी ‘शेरू’ का नाम भी सामने आया है, जो इस समय खाड़ी देश में रह रहा है। इस केस की गंभीरता तब बढ़ गई, जब 25 अगस्त को कल्याणपुरी इलाके में फायरिंग की घटना हुई, जिसमें एक नाबालिग सहित चार लोग घायल हो गए। इस हमले के पीछे तौसीफ मालिक का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई है। डीसीपी अभिषेक धानिया ने कहा कि अपराधियों का उद्देश्य व्यापारियों में दहशत फैलाना था, लेकिन दिल्ली पुलिस हर हाल में आरोपियों को पकड़कर कानून के दायरे में लाएगी। उन्होंने बताया कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

Next Story