दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: गांधी नगर में घर में घुसकर बदमाशों ने महिला को मारी गोली, आरोपियों की तलाश जारी

Admin Delhi 1
14 March 2022 3:55 PM GMT
दिल्ली: गांधी नगर में घर में घुसकर बदमाशों ने महिला को मारी गोली, आरोपियों की तलाश जारी
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में सोमवार सुबह बदमाशों ने एक महिला की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपितों ने महिला पर आठ से दस राउंड गोलियां चलाई। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। मृतका की पहचान फातिमा (38) के रूप में हुई है। महिला अपने पति से अलग अकेली रहती थी। हत्या किसने और क्यों की इसका खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि आपसी रंजिश में महिला की हत्या हुई। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपितों की पहचान करने के प्रयास कर रही है। गांधी नगर थाना पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक फातिमा परिवार के साथ पहले कल्याणपुरी इलाके में रहती थी। परिवार में पति यूसुफ के अलावा दो बेटी व एक बेटा है। यूसुफ पीडब्ल्यूडी में चालक है। पिछले काफी समय से पति-पत्नी में विवाद था। इसकी वजह से फातिमा ने पति से अलग पुराने सीलमपुर इलाके में रहना शुरू कर दिया था। वह फैक्टरी में सिलाई का करती थी। सोमवार सुबह वह घर में मौजूद थी।

इस बीच करीब 9.50 बजे अज्ञात बदमाश उसके घर में घुसे और उस पर बेहद नजदीक से एक के बाद एक आठ-दस गोलियां बरसां दी। हमले के बाद आरोपित वहां से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज आई तो मोहल्ले के लोग वहां इकट्ठे हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही थाने की पुलिस वहां पहुंच गई। क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। बाद में छानबीन के बाद शव को कब्जे में लिया गया। घटना के समय फातिमा का पति अपने भाई के पास लोनी गया हुआ था। पुलिस ने उसे फोन कर सूचना दी। यूसुफ तुरंत वहां पहुंचा। उसका रो-रोकर बुरा हाल है। उसे अब अपने बच्चों की चिंता सता रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Next Story