दिल्ली-एनसीआर

प्रतिभाओं को नौकरी में मदद के लिए दिल्ली खेल यूनिवर्सिटी देगी डिग्री: दिल्ली सरकार

Admin Delhi 1
25 Jun 2022 10:17 AM IST
प्रतिभाओं को नौकरी में मदद के लिए दिल्ली खेल यूनिवर्सिटी देगी डिग्री: दिल्ली सरकार
x

दिल्ली न्यूज़: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली खेल विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देने के साथ डिग्री भी देगा, ताकि उन्हें नौकरी में भी मदद मिल सके। खेल प्रतिभाओं को बीए स्पोर्ट्स, बीए क्रिकेट व बीए कबड्डी जैसी डिग्री दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने मिशन एक्सीलेंस स्कीम के तहत 60 खिलाडिय़ों को 9.5 करोड़ रुपए का चेक सौंपते हुए कहा कि जितने मेडल चीन और अमेरिका लेकर आते हैं, उससे ज्यादा मेडल लेकर आना है। इस सहायता से उन्हें ट्रेनिंग और डाइट में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाडिय़ों को पैसे की कमी नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने मिशन एक्सीलेंस स्कीम में जिन खिलाडिय़ों को आर्थिक मदद दी थी, वे ओलंपिक से भारत के लिए मेडल लेकर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे स्पोर्ट सिस्टम में गरीब खिलाडिय़ों को मदद का अभाव, खेल सुविधाओं की कमी और राजनीतिक हस्तक्षेप जैसी तीन कमियां महसूस होती है। इन कमियों को दिल्ली में दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिशन एक्सीलेंस के तहत गरीब खिलाडिय़ों की मदद कर रहे हैं। राजधानी में जगह-जगह अंतरराष्ट्रीय स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहे हैं और खिलाडिय़ों के चयन में राजनीतिक हस्तक्षेप खत्म कर दिया है। चार सदस्यीय चयन समिति खेल प्रतिभाओं का चयन करती है। समिति के चारों सदस्य स्पोर्ट्स मैन हैं। समिति ही तय करती है कि इस स्कीम के तहत किसको और कितनी सहायता राशि देनी है। स्कीम के तहत अधिकतम 16 लाख रुपए की सहायता राशि दी जा सकती है। समिति तय करती है कि खिलाडिय़ों को उनके खेल के हिसाब से कितनी सहायता राशि की जरूरत है। बता दें कि पहले साल 117 ऐसे खिलाडिय़ों को मदद दी गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली खेल विश्वविद्यालय सिर्फ दिल्ली वालों के लिए नहीं है, बल्कि पूरे देश के लिए है। हमारा मकसद है कि पूरे देश से प्रतिभाओं को तलाश कर उनको यहां लाएं, उनके हुनर को और चमकाएं और उनको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका दें। यह अपने आप में एक नया प्रयोग है।

खिलाडिय़ों को सहायता देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रही सरकार: दिल्ली सरकार ने राजधानी में प्रतिभावान खिलाडिय़ों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए 2018 में योजना मिशन एक्सिलेंस की शुरूआत की थी। इस योजना के माध्यम से प्रतिभावान खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण, कोचिंग प्राप्त करने और अन्य जरूरतों के लिए वित्तीय सहायता देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। योजना के तहत प्रतिभावान खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभा हासिल करने के लिए 16 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता दी जाती है। सरकार की यह योजना अपनी तरह की अनूठी योजना है।

Next Story