दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली: स्पेशल सेल ने दिल्ली एनसीआर के वांछित बदमाशों को तीन साथियों के साथ किया गिरफ्तार

Admin Delhi 1
26 April 2022 10:33 PM IST
दिल्ली: स्पेशल सेल ने दिल्ली एनसीआर के वांछित बदमाशों को तीन साथियों के साथ किया गिरफ्तार
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़ अपडेट: राजधानी दिल्ली के वांछित अपराधी शाहरुख को स्पेशल सेल ने उसके तीन अन्य साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया है। वह हत्या, हत्या के प्रयास एवं जबरन उगाही की 10 वारदातों में शामिल रहा है। वह जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई, काला जठेड़ी और हाशिम बाबा के इशारे पर इन वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस की तरफ से दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह लगभग दो साल से फरार चल रहा था। स्पेशल सेल के डीसीपी मनीषी चंद्रा ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली पुलिस के वांछित चल रहे बदमाशों में सबसे प्रमुख शाहरुख था। वह जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई, काला जठेड़ी, संपत नेहरा और हाशिम बाबा के लिए काम कर रहा था। उनके इशारे पर वह उनके दुश्मनों की जान ले रहा था।

उसके खिलाफ हत्या, हत्या प्रयास, जबरन उगाही आदि के 10 मामले दर्ज हैं। दक्षिण दिल्ली में सक्रिय रहे शक्ति नायडू गैंग के लिए काम करने वाले नाबालिगों के सरगना के तौर पर उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा था। शक्ति नायडू को पुलिस ने मुठभेड़ में उत्तर प्रदेश में मार गिराया था। इसके बाद उसने उत्तर पूर्वी जिले के बदमाश हाशिम उर्फ बाबा से हाथ मिला लिया था। कोरोना के समय में मई 2020 में उसे जेल से पैरोल पर छोड़ा गया था। जेल से बाहर आने के बाद उसका गुरु हाशिम उर्फ बाबा और राशिद उर्फ केबल वाला गिरफ्तार हो गए। इसके बाद वह फरार हो गया और उनके इशारे पर अपराध करने लगा। हाशिम बाबा ने जेल में रहने के दौरान लॉरेंस बिश्नोई, काला जठेड़ी और जितेंद्र गोगी से हाथ मिला लिया और शाहरुख उनके लिए काम करने लगा। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। काउंटर इंटेलिजेंस के एसीपी राहुल विक्रम की देखरेख में इंस्पेक्टर विक्रम दहिया की टीम ने शाहरुख को उसके तीन अन्य साथियों सहित छतरपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। इसे लेकर आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है।

डीसीपी मनीषी चंद्रा ने बताया कि जून 2020 में शाहरुख ने दक्षिणपुरी के रहने वाले योगेश नामक युवक की दिनदहाड़े प्रीत विहार इलाके में हत्या कर दी थी। मार्च 2021 में शाहरुख ने गैंगस्टर रवि गंगवाल के साथी अमित मद्रासी पर गोली चलाई थी। गोली लगने के बावजूद वह भागने में कामयाब रहा था। मार्च 2021 में शाहरुख ने रवि गंगवाल के साथी कुणाल की 24 गोलियां मारकर हत्या की थी। अप्रैल 2021 में शाहरुख ने हाशिम बाबा के दुश्मन फरमान उर्फ नन्हे की मंडावली में गोली मारकर हत्या कर दी थी। 2021 में शाहरुख ने कासिम नामक बदमाश की जाफराबाद में हत्या कर दी थी। मार्च 2022 में उसने कुणाल के भाई सनी को मारने की कोशिश की, लेकिन सनी भागने में कामयाब रहा था। उसके घर पर जाकर शाहरुख ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थी। गिरफ्तार किया गया समीर तिगरी का रहने वाला है। युसूफ उर रहमान तुर्कमान गेट और सोहेल अरशद मदनगीर का रहने वाला है। सनी पर हुए हमले के मामले में पुलिस को इनकी तलाश थी। इसके अलावा अन्य अपराधों में भी उनकी भूमिका को लेकर जांच की जा रही है।

Next Story